Coal Fire : मालगाड़ी में भरे कोयले में आग लगी, बरबतपुर रेलवे स्टेशन पर रोककर बुझाई

Fire in Coal Loaded In Goods Train: बैतूल। बैतूल जिले के बरबतपुर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को कोयला लेकर जा रही मालगाड़ी की एक बोगी में से धुंआ उठता नजर आया। इस पर मालगाड़ी को रोका गया और कोयले में सुलग रही आग को पानी से बुझाया गया। तीन घंटे की मशक्कत के बाद मालगाड़ी को खंडवा की ओर रवाना किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दौरान छत्तीसगढ़ से खंडवा की ओर पावर प्लांट में कोयला लेकर जा रही मालगाड़ी की एक बोगी में सुबह 10:30 बजे बरबतपुर रेलवे स्टेशन के पास धुंआ उठता नजर आया। मालगाड़ी को स्टेशन पर ही रोक दिया गया और रेलवे के अधिकारियों को सूचना दी गई।
घोड़ाडोंगरी से टीआरडी टीम मौके पर पहुंची और नगर परिषद शाहपुर के दमकल वाहन को बुलाया गया। रेलवे की टीम ने बिजली की आपूर्ति बंद कराई और पानी डालकर आग बुझाई। तीन घंटे तक मालगाड़ी को स्टेशन पर ही रोका गया। आग पूरी तरह से बुझने के बाद उसे रवाना किया गया।




