वृद्धजनों ने उत्साह से किया योगाभ्यास.
मातोश्री वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित । जिला आयुष अधिकारी ने दी आयुर्वेद पद्धति की विस्तृत जानकारी।

बैतूल। उड़दन स्थित मातोश्री वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन कर योग और आयुर्वेद के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन एवं वृद्धजनों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में आयुष विभाग ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए कैसे आपका परिवार स्वस्थ रह सकता है विषय पर विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया।

शिविर में संतुलित भोजन, स्वच्छ पेयजल, योग और आयुर्वेद के जीवन में महत्वपूर्ण योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। योग हेतु जिला नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह शाक्य ने उपस्थितजनों को बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक ही नहीं, मानसिक स्वास्थ्य भी सुदृढ़ होता है। इसके बाद योग सहायक भूपेन्द्र द्वारा विभिन्न योगासन और प्राणायाम का व्यावहारिक अभ्यास सत्र आयोजित किया गया, जिसमें वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने आयुर्वेद पद्धति की विस्तृत जानकारी देते हुए दैनिक जीवन में आयुर्वेदिक दिनचर्या, आहार-विहार और घरेलू उपचारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद अपनाकर अनेक रोगों से बचाव संभव है और दीर्घकालीन स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
शिविर के अंत में उपस्थितजनों को नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और आयुर्वेदिक सिद्धांतों को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने विशेष रूप से वृद्धजनों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




