Organizing Neurotherapy Camp: वैलनेस न्यूरोथेरेपी शिविर का आयोजन 28 और 29 दिसंबर को

बैतूल। जय गुरुदेव स्थान संस्था द्वारा 28 और 29 दिसंबर को होटल आईसी इन, गंज, बैतूल में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में मरीजों को 20-25 मिनट की थेरेपी देकर उनकी तकलीफों का निदान किया जाएगा। संस्था की अध्यक्ष मीनाक्षी शुक्ला ने बैतूल जिले के नागरिकों से अपील की है कि इस स्वास्थ्य शिविर में आकर सेवाओं का लाभ उठाएं। इस शिविर की खासियत यह है कि इसमें मरीजों का उपचार बिना दवाओं के किया जाएगा। इस पद्धति का प्रशिक्षण लेना चाहते हैं तो ढाई घंटे की कार्यशाला में नेचरोथेरेपी सीखकर अपने स्वास्थ्य की देखभाल खुद कर सकते हैं।
16 वर्षों से सेवा में अग्रणी जय गुरुदेव स्थान संस्था
जय गुरुदेव स्थान संस्था पिछले 16 वर्षों से समाज के कमजोर वर्ग के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में काम कर रही है। संस्था की यह पहल बैतूल वासियों के लिए एक बड़ा अवसर लेकर आई है। अध्यक्ष मीनाक्षी शुक्ला ने बताया आचार्य रामगोपाल दीक्षित आरोग्य पीठ के संस्थापक और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैलनेस न्यूरोथेरेपिस्ट हैं। उन्हें भारत के राष्ट्रपति भवन के स्वास्थ्य सलाहकार के रूप में सेवाएं देने का गौरव प्राप्त है। उनकी चिकित्सा पद्धति से कमर, घुटना, गर्दन, कंधा दर्द, किडनी, लीवर, लंग्स और स्ट्रेस जैसी बीमारियों का प्रभावी इलाज होता है। आचार्य दीक्षित को 24 वर्षों का अनुभव है और उन्होंने इस पद्धति को औपचारिक मान्यता दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी शोध और लेखन से यह विधा भारत और 18 अन्य देशों में लोगों की मदद कर रही है। आरोग्य पीठ के महामंत्री राजीव तिवारी भारतीय संसद भवन के इंजीनियर और भारतीय एयरफोर्स के पूर्व अधिकारी हैं। वे सामाजिक कल्याण कार्यों में भी सक्रिय हैं। इनके मार्गदर्शन में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के सहयोगी राहुल दीक्षित, ईशांत, साहिल, नीलम, मीनाक्षी शुक्ला, कुसुम किलेदार भैंसदेही, श्रद्धा खंडेलवाल, मानस शुक्ला, अमृता , नूतन लोहाड़िया, दर्शना महस्की ने कहा है कि यह शिविर बैतूल के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य और वेलनेस की अनूठी पहल है। इस अवसर का लाभ अवश्य उठाएं।




