Organizations caught a container full of cattle: मुलताई में पुलिस और संगठनों ने पकड़ा गोवंश से भरा कंटेनर, 33 गोवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त

बैतूल। गोवंश तस्करी के एक बड़े प्रयास को पुलिस और हिंदू संगठनों की सक्रियता से नाकाम कर दिया गया। राष्ट्रीय हिंदू सेना, बजरंग दल और गौ कांति दल के सदस्यों ने पुलिस के साथ मिलकर एक कंटेनर ट्रक पकड़ा, जिसमें 33 गोवंश क्रूरता से बांधकर महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाए जा रहे थे। यह घटना बैतूल से मुलताई होते हुए नेशनल हाइवे पर घटी, जहां पुलिस और संगठनों की मुस्तैदी ने तस्करों की साजिश को विफल कर दिया।

राष्ट्रीय हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि भोपाल की ओर से एक बड़ा कंटेनर ट्रक (क्रमांक आरजे 51 जीए 3521) गोवंश को भरकर महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जा रहा है। सूचना मिलते ही दीपक मालवीय ने पुलिस अधीक्षक निश्चल एन झारिया को जानकारी दी और संगठन के कार्यकर्ताओं को तुरंत सक्रिय किया।
तस्करों ने बैतूल से मुलताई तक पुलिस और संगठनों के पीछा करने के बावजूद ट्रक को तेजी से भगाने का प्रयास किया। गौ कांति दल के जिला संयोजक दिनेश कालभोर ने बताया कि कई किलोमीटर तक पीछा करने के बाद चिचंडा गांव के पास ट्रक को रोका गया। हालांकि, ट्रक चालक और कंडक्टर पुलिस और संगठन के सदस्यों को देखकर फरार होने में सफल रहे। बजरंग दल नगर संयोजक भूपेश साहू ने बताया कि ट्रक को अंदर से पूरी तरह सील किया गया था और गोवंश को रस्सियों से बांधकर क्रूरतापूर्वक रखा गया था। तस्करों ने ट्रक में पंखे भी लगाए थे ताकि गोवंश को जीवित महाराष्ट्र पहुंचाया जा सके। गिनती करने पर ट्रक में 33 गोवंश मिले। इन सभी को सुरक्षित माँ ताप्ती गौशाला भेज दिया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। इस कार्रवाई में मुलताई पुलिस की टीम, जिसमें टीआई राजेश सातनकर, एसआई अमित पंवार, आरक्षक सेवाप्रसाद पंवार, विशाल चौरसिया, प्रिंस और महेश नगदे शामिल थे। कार्यवाही में हिंदू संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी, जिनमें तहसील गौरक्षा प्रमुख आशीष यादव, तहसील उपाध्यक्ष स्वप्निल छोटू पंवार, समाजसेवी गोलू उघड़े, श्याम कलोनिया, प्रखंड अध्यक्ष राजा कुंभारे, प्रदीप पंवार, छोटू पाटिल और हिमांशु शामिल रहे।तस्करों के खिलाफ मुलताई थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, और पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।




