आयुष मंत्रालय के निर्देश पर 21 जून तक चलेगा योग शिविर।

बैतूल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में ओम आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भारत भारती जामठी बैतूल द्वारा आयुष मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली एवं संचालनालय आयुष विभाग मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार 100 दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को योग के प्रति जागरूक कर नियमित अभ्यास कराया जा रहा है।
महाविद्यालय के अध्यक्ष गणेश मालवीय, कोषाध्यक्ष संतोष पाल एवं प्राचार्य डॉ. विजय माने के मार्गदर्शन में उपप्राचार्य डॉ. राजकुमार मिश्रा द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। इसी क्रम में शुक्रवार 22 मई को महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. हिमांशु मालवीय एवं इंटरनी यशस्वी, रुषिका, मिर्जा, वैभव सहित विद्यार्थियों की टीम ने शासकीय कन्या महाविद्यालय सदर बैतूल में छात्राओं को योग प्रशिक्षण दिया।
इसके साथ ही महाविद्यालय की टीम द्वारा बैतूल जिले के विभिन्न गांवों और स्थानों पर पहुंचकर लोगों को योगाभ्यास कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग योग के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकें। यह निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर 21 जून 2026 तक जिले के अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया जाएगा।




