Weather News : बेमौसम वर्षा: बैतूल जिले में तेज वर्षा के साथ गिरे ओले

Weather News : बैतूल। मौसम का मिजाज बैतूल जिले में एक बार फिर से बिगड़ गया है। सोमवार को दोपहर बाद बैतूल और आमला विकासखंड क्षेत्र के ग्रामों में तेज वर्षा और ओलों की बारिश हुई। बैतूल से सटे नीमपानी पाढर क्षेत्र में तेज हवा के साथ वर्षा हुई और चने के आकार के ओले भी गिरे। वर्षा होने के कारण गेहूं और चना की कटाई के कार्य में जुटे किसानों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
देखें वीडियो….
सोमवार को सुबह से आसमान पर काले बादलों की आवाजाही शुरू हो गई थी।दोपहर बाद करीब तीन बजे अचानक गरज-चमक के साथ तेज वर्षा प्रारंभ हो गई। वर्षा के साथ बेर के आकार के ओले भी गिरना शुरू हो गया। करीब पांच मिनट तक क्षेत्र में ओले बरसते रहे। इस समय क्षेत्र में गेहूं और चना की कटाई का कार्य जोरों पर चल रहा है। किसानों के द्वारा फसल कटाई कर थ्रेसिंग के लिए खलिहान में एकत्र की गई थी जो अचानक हुई वर्षा के कारण भीग गई है।
आमला क्षेत्र में गिरे ओले:
बैतूल जिले के आमला क्षेत्र में आने वाले ग्रामों में भी वर्षा के साथ ओले गिरे हैं। आमला क्षेत्र के ग्राम रतेड़ाखुर्द, चुटकी में वर्षा के साथ चने के आकार के ओले भी गिरे। इसके अलावा ग्राम बोरीखुर्द में भी तेज हवा के साथ वर्षा और ओले गिरे हैं।




