प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस

जल्द ही शुरू होगा एनएसयूआई का निशुल्क सदस्यता अभियान 

बैतूल। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट द्वारा छात्र संघ चुनाव कराए जाने के संबंध में दिए गए आदेश के बाद एनएसयूआई बैतूल के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रोहन सिंह ठाकुर ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर प्रदेश सरकार से छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए रोहन सिंह ठाकुर ने कहा कि छात्र संघ चुनाव लोकतंत्र की पहली पाठशाला हैं और छात्रों को अपने प्रतिनिधि सीधे चुनने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि लिंगदोह समिति की अनुशंसाओं का पालन करते हुए प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में शीघ्र छात्र संघ चुनाव की तिथि घोषित की जाए तथा चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाए जिसको लेकर एनएसयूआई द्वारा निशुल्क सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और छात्रों को संगठन से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से छात्र संघ चुनाव नहीं होने के कारण छात्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने वाला कोई निर्वाचित छात्र प्रतिनिधि नहीं है। इससे छात्रों की आवाज दब रही है और महाविद्यालयों में लोकतांत्रिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।

एनएसयूआई जिला अध्यक्ष ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार छात्र हितों की अनदेखी करती है और प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्र संघ चुनाव कराने में देरी करती है, तो एनएसयूआई प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने सरकार से जल्द चुनाव कार्यक्रम घोषित करने और छात्रों को लोकतांत्रिक अधिकार प्रदान करने की मांग की।

एनएसयूआई के नवनियुक्त ज़िलाध्यक्ष रोहन सिंह ठाकुर ने एबीवीपी के द्वारा जिले में लगातार की जा रही गुंडागर्दी को लेकर चिंता जताई है और आरोप लगाया है कि एबीवीपी कार्यकर्ता आए दिन कॉलेज में घुसकर छात्रों और शिक्षकों के साथ अभद्रता कर रहे हैं,एनएसयूआई उन सभी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग करते है जो कॉलेज का माहौल ख़राब कर रहे है।

जिलाध्यक्ष रोहन सिंह ठाकुर ने आरोप लगाते हुए कहा कि एबीवीपी शासकीय और निजी स्कूलों में जबरदस्ती घुस कर बच्चों से शुल्क वसूल रही है और छात्रो को अपना सदस्य बना रही है जबकि स्कूलों में राजनैतिक गतिविधिया प्रतिबंधित होती है उसके बावजूद स्कूल प्रशासन उनकी मदद कर रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य रूप से कांग्रेस जिला प्रवक्ता लवलेश बब्बा राठौर, जिला उपाध्यक्ष हर्षवर्धन धोटे, जिला महासचिव मोनू बडोनिया, दानिश पारेख, मोहसिन ख़ान, एनएसयूआई के रामकुमार नागवंशी, नितिन बिस्वास, आसिफ़ अंसारी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button