पूनम चढ़ोकार बनीं कुन्बी समाज संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष।
क्षत्रिय लोन्हारी कुन्बी समाज में महिला संगठन का निर्विरोध हुआ चुनाव।

बैतूल। आठनेर में क्षत्रिय लोन्हारी कुन्बी समाज संगठन ब्लॉक आठनेर द्वारा महिला संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष के चुनाव के लिए समाज भवन में बैठक आयोजित की गई, जिसमें ब्लॉक महामंत्री तरुण साकरे ने उपस्थित समाज बंधुओं और मातृशक्तियों को निर्वाचन प्रक्रिया से अवगत कराया और अध्यक्ष पद के लिए नाम आमंत्रित किए। सर्वसम्मति से वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद पूनम प्रवीण चढ़ोकार का नाम प्रस्तावित किया गया। निर्धारित समय सीमा तक कोई अन्य नाम नहीं आने पर निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण करते हुए पूनम प्रवीण चढ़ोकार को निर्विरोध महिला ब्लॉक अध्यक्ष घोषित किया गया।
निर्विरोध निर्वाचन पर ब्लॉक अध्यक्ष पुनाजी कापसे ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने एकमत होकर महिला संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है, उनसे अपेक्षा है कि वे संगठन को सर्वोपरि रखते हुए अधिक से अधिक मातृशक्तियों को समाज के विकास में सहभागी बनाएंगी और समाज कार्य में अग्रणी भूमिका निभाएंगी। महामंत्री मानिक कनाठे ने भी निर्विरोध निर्वाचन पर बधाई देते हुए संगठन हित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
नवनिर्वाचित महिला ब्लॉक अध्यक्ष पूनम प्रवीण चढ़ोकार ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे वरिष्ठों के मार्गदर्शन में मातृशक्तियों को साथ लेकर समाज हित में कार्य करेंगी और सभी के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
बैठक में संगठन के वरिष्ठ राजकुमार खांडवे, जगदीश झरबड़े, काशीनाथ अड़लक, भोजराज डांगे, उपाध्यक्ष युवराज अड़लक, संजय अड़लक, हेमंत वागद्रे, दवंडे सर, बबनराव, मीडिया प्रभारी सुनील चढ़ोकार, रूपेंद्र झरबड़े, बंधु चढ़ोकार, सुभाष ठाकरे, डॉक्टर धर्मेंद्र पड़लक, देशमुख जी ठानी वाले सहित आठनेर, मांडवी, जावरा, टेमुरनी, ऐनखेड़ा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।




