Monsoon 2024 : बैतूल में एक घंटे में दो इंच वर्षा, नदी की बाढ़ में बहने से बची महिला

 

Monsoon 2024 : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सोमवार को मानसून खासा मेहरबान हो गया। दोपहर करीब एक बजे तेज गरज-चमक के साथ झमाझम वर्षा शुरू हो गई। बैतूल में एक घंटे तक तेज वर्षा होती रही। एक घंटे के भीतर दो इंच पानी बरस गया। बैतूल जिले के भीमपुर क्षेत्र में नदी में अचानक बाढ़ आ जाने से एक महिला बहने से बच गई। पहाड़ी नदी में अचानक बाढ़ आ जाने से वह बीच नदी में फंसकर रह गई। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता से उसे सुरक्षित बचा लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के भीमपुर विकासखंड में सोमवार को हुई तेज वर्षा के कारण खारीढाना गांव के पास नदी में अचानक बाढ़ आ गई। इससे जंगल में लकड़ी बीनने गई महिला बाढ़ के बीच में फंस गई। नदी के किनारे पर खड़े ग्रामीणों ने तत्काल ही रस्सी की मदद से नदी में उतरकर महिला को सुरक्षित बचाया। बताया गया है कि ग्राम खारीढाना निवासी साधना बाई पति मिथलेश उइके जंगल में लकड़ी बीनने के लिए गई थी। इसी दौरान तेज वर्षा प्रारंभ हो गई तो वह नदी के रास्ते अपने घर लौट रही थी।

अचानक नदी में तेज बहाव आ गया और किनारे से कुछ दूर पर ही फंस गई। जैसे-तैसे उसने एक पत्थर को पकड़ लिया। नदी के किनारे खड़े लोगों ने तत्काल ही रस्सी की मदद से उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाला। ग्रामीण सुनील कुमरे ने बताया कि खारीढाना और भीमपुर के उपरी हिस्से में तेज वर्षा होने से नदी में अचानक बाढ़ आ गई थी।

एक घंटे में दो इंच वर्षा दर्ज

बैतूल जिले में सोमवार को सुबह से ही आसमान पर काले बादलों की आवाजाही होने लगी थी। दोपहर करीब एक बजे तेज गरज-चमक के साथ वर्षा का दौर प्रारंभ हो गया। अचानक तेज वर्षा लगातार होने से जन जीवन खासा प्रभावित हुआ। एक घंटे में 42.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इस सीजन में अब तक 236.4 मिली वर्षा हो चुकी हे। मौसम केंद्र भोपाल के द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को बैतूल जिले में गरज चमक के साथ आंधी, मूसलधार वर्षा और बारंबार बिजली की चमक का अनुमान जताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button