बैतूल में भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ की नई जिला इकाई घोषित।
नंदकिशोर पंवार बने अध्यक्ष, 11 सदस्यीय कार्यकारिणी गठित। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर रामगोपाल बंसल ने की घोषणा।

बैतूल। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ (आईएफडब्ल्यूजे) की बैतूल जिला इकाई का विधिवत गठन कर नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। यह घोषणा राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश भार्गव की अनुशंसा और प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र गौतम के निर्देशानुसार प्रदेश महासचिव रामगोपाल बंसल द्वारा 3 अप्रैल को जारी पत्र में की गई।
नई कार्यकारिणी में नंदकिशोर पंवार (ब्यूरो, आईबीसी 24 मध्यप्रदेश) को अध्यक्ष बनाया गया है। मोहन जौंजारे और विनोद पतारिया को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। मनोज विश्वकर्मा को महासचिव, अमित पंवार गोलू को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सचिव पद पर शेख शब्बीर और हुमेश्वर ठाकरे गोलू को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संयुक्त सचिव के रूप में पंकज तालमपुरिया और मनोज देशमुख को शामिल किया गया है। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में वाजिद खान और राजेश मिश्रा को स्थान दिया गया है।
सभी पदाधिकारियो का कार्यकाल 31 दिसंबर 2026 तक एक वर्ष निर्धारित किया गया है। इस दौरान प्रत्येक तीन माह में जिला कार्यकारिणी की बैठक, छह माह में साधारण सभा और वर्ष में एक बार जिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए नवगठित टीम को बधाई दी गई है।




