लोकसभा प्रत्याशी भूरेलाल बेठेकर ने विद्यार्थियों को भारत के संविधान की प्रति भेंट की

कोरकू आदिवासी समाज सुधार संगठन द्वारा खंडवा जिले में कैरियर काउन्सलिंग एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन

बैतूल। खंडवा जिले में 23 मई को कोरकू आदिवासी समाज सुधार संगठन के तत्वावधान में कैरियर काउन्सलिंग एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आदिवासी छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें कक्षा 11वीं, 12वीं और कॉलेज स्तर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर बैतूल लोकसभा के सांसद प्रत्याशी भूरेलाल बेठेकर ने विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित होकर विद्यार्थियों को भारत के संविधान की प्रति भेंट की। यह कदम विद्यार्थियों को संविधान के महत्व और उसके मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उठाया गया।

सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में एक निबंध 100 अंकों का था और हिन्दी से कोरकू भाषा में अनुवाद 50 अंकों का था। इसमें कोरकू, गोंड एवं भील आदिवासी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कैरियर संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। इसके लिए विशेषज्ञों और प्रवक्ताओं ने महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की और छात्रों को भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

अतिथियों का स्वागत और संबोधन

सुबह 11:00 बजे अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके बाद दोपहर 12:00 बजे विभिन्न विषय विशेषज्ञों और प्रवक्ताओं ने कैरियर गाईडेंस एवं संबोधन दिया। मुख्य अतिथि के रूप में सुश्री मंजू दाद, विधायक नेपानगर (जिला-बुरहानपुर), कंचन तनवे (विधायक-खंडवा) उपस्थित थीं। विशेष अतिथियों में मनीराम सुतार, राष्ट्रीय अध्यक्ष अ.भा. कोरकू आदि. महापंचायत, आदित्य पटेल, फाउंडर ऑफ विनर्स इंदौर, पी.सी. बारस्कर (सलाहकार योजना आयोग), डॉ. दीपमाला रावत (जनजातीय प्रकोष्ठ राजभवन भोपाल), और आर.डी. कलम (प्रांतीय अध्यक्ष म.प्र. को.आ. संघ भोपाल) शामिल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री विजय कास्डे, सेवा निवृत्त लोको पायलट, ने की। संचालन का कार्य राधेश्याम पाटील, तहसील अध्यक्ष खालवा, और मंच संचालन श्री मन्नू काजले, महासचिव अ.भा. कोरकू आदि. महापंचायत, ने किया।

शाम 4:00 बजे भोजन की व्यवस्था की गई और शाम 5:00 बजे कार्यक्रम का समापन हुआ। इस आयोजन ने आदिवासी छात्र-छात्राओं को शैक्षिक प्रोत्साहन दिया, और उनके कैरियर के विकास के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button