Loksabha Chunav : पूर्व सीएम कमल नाथ की जुबान फिसली, बोले बैतूल में 85 लाख किसानों का कर्ज माफ किया
बैतूल लोकसभा क्षेत्र के आमला विकासखंड में आने वाले ग्राम चुटकी में चुनावी सभा को किया संबोधित

Loksabha Chunav : बैतूल। मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रहे कमल नाथ लोकसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए निकल पड़े हैं। शनिवार को बैतूल लोकसभा क्षेत्र में बैतूल और हरदा जिले में दो स्थानों पर सभा लेकर उन्होंने कांग्रेस का साथ देने की अपील की। बैतूल जिले के चुटकी गांव में आयोजित सभा में पहुंचे कमल नाथ जब संबोधन दे रहे थे तो उनकी जुबाब फिसल गई।
देखें वीडियो..
उन्होंने जनता को संबाेधित करते हुए कहा कि मैं जब मुख्यमंत्री था तब मैने मध्यप्रदेश में 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। बैतूल जिले में मैंने 85 लाख किसानों का कर्जा माफ किया। उन्होंने यह बात दोहराते हुए जनता से पूछा कि सही है कि नहीं। इस पर जनता के द्वारा तालियां तो बजाईं लेकिन लोग मन ही मन प्रदेश में 27 लाख और बैतूल जिले में 85 लाख का गणित समझ ही नहीं पाए। पूर्व सीएम ने कहा कि यह पहली किस्त का कर्जा माफ किया था, दूसरा किस्त चालू था।मुझे चिंता थी कि हमारे किसानों की आर्थिक मजबूती हो, उनके साथ न्याय हो, उनको सही मूल्य मिले, खाद और बीज के लिए उन्हें भटकना न पड़े।
भाजपा पर कसा तंज:
प्रदेश के पूर्व सीएम कमल नाथ ने चुटकी गांव की सभा में भाजपा को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता मंहगाई, रोजगार की बात नही करते हैं। वो आप सबको गुमराह करते हैं। वो भगवान राम की बात करते हैं। क्या राम मंदिर का पट्टा आपके (भाजपा) पास ही है। ये राम मंदिर आपके चंदे से बना है। ये राम मंदिर हम आपका और मेरा है।
उन्होंने कहा कि हम सबकी अपनी अपनी धार्मिक भावना है। धर्म आचार और विचार का विषय है। राजनीतिक प्रचार का विषय नही है। हम धर्म को राजनीतिक मंच पर नही लाते हैं। मैं हिंदू हूं और गर्व से कहता हूं। मैंने अपनी निजी जमीन पर छिंदवाड़ा में सबसे बड़ा हनुमान मंदिर बनाया, लेकिन मैंने उसका कभी प्रचार नही किया। मैंने सरकार से जमीन नहीं ली।
भ्रष्ट्राचार का प्रदेश बनाया:
पूर्व सीएम कमल नाथ ने कहा कि कहा कि भाजपा ने 20 साल में क्या किया यह आप सब जानते हैं। भ्रष्ट्राचार का प्रदेश बनाया, घोटाला प्रदेश बनाया है। मैं प्रदेश में जाता हूं तो लोग बताते हैं कि पैसा दो काम कराओ। आज सबसे ज्यादा बेरोजगार मध्यप्रदेश में हैं। निवेश नही आ रहा है, मैने कई लोगों से निवेश करने के लिए कहा लेकिन सभी का कहना है कि मध्यप्रदेश में काम करना बेहद मुश्किल है। भ्रष्ट्राचार बहुत है। अब प्रयास किया जा रहा है संविधान से छेड़छाड़ कर उसको बदलने का। आप सब संविधान के रक्षक हैं, अपनी संस्कृति के रक्षक हैं। इस चुनाव में आप सब सच्चाई का साथ दें।




