सिकल सेल और टीबी मरीजों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश।
आयुष विभाग की समीक्षा बैठक में ओपीडी लक्ष्य और जनजागरूकता पर हुई चर्चा ।


बैतूल। जिला आयुष कार्यालय में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने सभी आयुष संस्थानों को समय पर खोलने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को नियमित और सुचारू स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। बैठक में जन आरोग्य समिति की कार्यप्रणाली और उसकी सक्रियता को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय में निवास करने के निर्देश दिए गए, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। सिकल सेल रोगियों के नियमित फॉलोअप और उनकी सतत निगरानी को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।
आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर काउंटडाउन कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार अभियान और जनजागरूकता गतिविधियों की रूपरेखा भी तय की गई। साथ ही सभी संस्थानों को ओपीडी लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आरसीएमएस पोर्टल पर भूमि आवंटन संबंधी प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई। कर्मचारियों को सार्थक एप पर नियमित उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने, रोकथाम और स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




