Inspection Of Bus Stand: कलेक्टर के निर्देश पर पहली बार बैतूल नगर पालिका के सीएमओ पहुंचे बस स्टैंड, हर कदम पर मिली अव्यवस्था
नल लगे थे लेकिन उनमें पानी ही नहीं आ रहा था, परिसर में छाया हुआ था अंधेरा, गंदगी का अंबार

Inspection Of Bus Stand: बैतूल। नगर के कोठीबाजार बस स्टैंड पर अव्यवस्थाओं को लेकर मिल रही शिकायत पर कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी बैतूल को व्यवस्थाएं सुधारने की निर्देश दिए। जिस पर पहली बार बैतूल नगर पालिका के सीएमओ पहुंचे बस स्टैंड। उन्हें हर कदम पर मिली अव्यवस्था।नल लगे थे लेकिन उनमें पानी ही नहीं आ रहा था। परिसर में छाया हुआ था अंधेरा। गंदगी का अंबार देखकर यह लग रहा था कि सफाई तो होती ही नही है।
बैतूल नगर पालिका के सीएमओ सतीष मटसेनिया ने जब कोठी बाजार स्थित बस स्टैंड का निरीक्षण किया तो मौके पर पेयजल और रोशनी की समस्या पाई गई। बस स्टैंड पर नल तो लगे हैं लेकिन उनमें पानी ही नहीं आता है। पूरा परिसर अंधेरे में नजर आया। इस पर सीएमओ ने पेयजल की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और बंद पड़ी लाइटों को सुधारकर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधीनस्थ अमले को दिए।
मौके पर गंदगी पाई जाने पर भी सीएमओ ने बस स्टैंड पर प्रभावी ढंग से नियमित साफ सफाई किए जाने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान पाया गया है कि बस स्टैंड पर कई बस मालिकों द्वारा कंडम बसों को स्थाई रूप से खड़ा रखा गया हैं। जिससे नगर पालिका को साफ सफाई और रखरखाव में भी समस्या का सामना करना पड़ रहा हैं। जिस पर परिवहन एवं यातायात पुलिस के माध्यम से नियमानुसार उचित कार्रवाई भी जाएगी।




