स्वर्ण जयंती वर्ष में नागरिक बैंक ने दोहराया जनहितकारी सेवाओं का संकल्प।
50 वर्षों की सफल यात्रा: 1976 से 2026 तक बना सेवा, समर्पण और पारदर्शिता की मिसाल:

बैतूल। सहकारिता और जनविश्वास की मजबूत पहचान बन चुका बैतूल नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित बैतूल ने अपना 50वा स्थापना दिवस ल25 फरवरी को अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया। इस ऐतिहासिक अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, बैंक के सम्मानित ग्राहक, सदस्यगण, पदाधिकारी, सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बैंक परिवार के सभी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जी. आर. कोसे ने बताया कि बैंक की स्थापना 25 फरवरी 1976 को समाज के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि स्थापना काल से ही बैंक ने विश्वसनीयता, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी योजनाओं को अपनी कार्यशैली का आधार बनाया है। अनेक चुनौतियों के बावजूद बैंक ने ग्राहकों के विश्वास को कायम रखते हुए निरंतर प्रगति की है और सहकारिता क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
श्री कोसे ने स्वर्ण जयंती वर्ष को बैंक से जुड़े प्रत्येक सदस्य, ग्राहक, कर्मचारी एवं शुभचिंतक के अटूट विश्वास, समर्पण और सहयोग की आधी सदी की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आज की सफलता में संस्थापक सदस्यों, पूर्व पदाधिकारियों, सहकारिता विभाग तथा वर्तमान बैंक परिवार के अथक प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस अवसर पर बैंक द्वारा संस्थापक सदस्यों, पूर्व पदाधिकारियों, ग्राहकों, सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा भविष्य में भी बेहतर, सुरक्षित और जनहितकारी बैंकिंग सेवाए प्रदान करने का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित महानुभावों के प्रति आभार प्रदर्शन के साथ किया गया।




