Betul news video:बैतूल की मिताली दियावार ने कॉस्ट्यूम डिजाइन में राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त किया कांस्य पदक
दिल्ली के यशोभूमि एक्सपो में आयोजित एक समारोह में मिताली को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया

बैतूल। बैतूल की मिताली दियावार ने कॉस्ट्यूम डिजाइन के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीता है। नई दिल्ली के यशोभूमि एक्सपो में आयोजित एक समारोह में मिताली को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। मिताली ने देशभर के शीर्ष 10 कॉस्ट्यूम डिजाइनरों में अपनी जगह बनाई और फिर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में विजय प्राप्त करने वाले दो प्रतिभागियों को फ्रांस में सितंबर में अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। यह उनके करियर के लिए एक बड़ा अवसर साबित हो सकता है और उन्हें वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। बता दें कि मिताली फैशन डिजाइन की छात्रा है, वह इंडिया के बड़े-बड़े फैशन शो गोवा, दिल्ली व लखनऊ में भी अपना हुनर दिखा चुकी है।
मिताली का चयन ऑनलाइन ट्रेंड सेकंड फेस में हुआ, जहां उन्होंने अपनी रचनात्मकता और कौशल का प्रदर्शन किया। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर उनके पिता भूपेश दियावार, माता मनीषा दियावार सहित सभी इष्ट मित्रों और परिजनों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है। मिताली की इस उपलब्धि ने बैतूल का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनके परिवार और मित्रों ने इस अवसर पर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए गर्व और खुशी जताई है। मिताली की इस सफलता से प्रेरित होकर कई नवोदित डिज़ाइनर भी इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे। मिताली की यह उपलब्धि निश्चित रूप से बैतूल और पूरे देश के लिए गर्व का विषय है और यह दर्शाता है कि कड़ी मेहनत, समर्पण और रचनात्मकता से क्या हासिल किया जा सकता है।
— मिताली की क्रिएटिविटी–
मिताली की मां, मनीषा दियावार, ने बताया कि मिताली बचपन से ही बहुत क्रिएटिव रही है। छोटी उम्र से ही उसे डिजाइनिंग में रुचि थी। मनीषा दियावार ने कहा, मिताली हमेशा से नई चीजें बनाने और अपनी रचनात्मकता को व्यक्त करने में दिलचस्पी रखती थी। उसकी इसी क्रिएटिविटी ने उसे आज इस मुकाम तक पहुंचाया है।
— अपना हुनर दिखाने का प्लेटफार्म है इंडिया स्किल — कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) के तत्वाधान में द्वारका स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) द्वारा पांच दिवसीय इंडिया स्किल प्रतियोगिता की विगत बुधवार को शुरुआत हुई। उल्लेखनीय है कि इंडिया स्किल एक प्लेटफार्म है जहां पर अपना हुनर दिखा सकते हैं। लोगों को इंडिया स्किल प्रतियोगिता के बारे में जैसे जैसे जानकारी हो रही है वे इसमें हिस्सा ले रहे हैं। पहले कोविड में 26 राज्यों ने इसमें हिस्सा लिया था लेकिन अब 32 राज्यों के प्रतिभागी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। इंडिया स्किल किसी भी प्रतियोगिता में भाग लेना उसे जीतने का पहला कदम है।




