Mission 24: मिशन 24 के लिए बीजेपी ने शुरू किया ‘गांव चलो अभियान
बालाजी लॉन घोड़ाडोंगरी में हुआ कार्यशाला का आयोजन

बैतूल। लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपनी कमर कस ली है। ‘मिशन 24’ को प्राथमिकता देते हुए इसके लिए रणनीति तैयार करना शुरू कर दी है। घोड़ाडोंगरी बीजेपी की ओर से एक कार्यशाला का आयोजन बालाजी लॉन में हुआ। कार्यशाला में जिला कार्यालय मंत्री गांव चलो अभियान के जिला प्रभारी कृष्णा गायकी, घोड़ाडोंगरी मंडल प्रभारी कांति यादव उपस्थित रहे। कृष्णा गायकी ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए बताया कि 9,10 और 11 फरवरी को कार्यकर्ता को हर एक बूथ में एक दिवसीय प्रवास पर जाना है। बूथ पर वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता से मिलकर विशेष बिंदुओं पर चर्चा करनी है। बूथ संयोजक के निवास पर रात्रि विश्राम करना है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जमीन से जुड़ी पार्टी है। कार्यकर्ता हमेशा जनता के बीच रहते हैं और नेता भी जनता के बीच रहते हैं तो इसे देखते हुए ही ‘गांव चलो अभियान’ शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हम सभी लोग गांव में रहेंगे, करीब 24 घंटे तक हम गांव में समय बीताएंगे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व संसदीय सचिव रामजीलाल गुरुजी, बिरदीचंद अग्रवाल, कैलाश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र मालवीय, ज़िला सह मीडिया प्रभारी विशाल बतरा, मंडल अध्यक्ष राजेश महतो, प्रदेश मंत्री दीपक उइले, प्रशांत गावंडे, नारायण मालवीय, गांव चलो अभियान के मंडल संयोजक गगन अग्रवाल, शुभम पंडाग्रे,आनंद अग्रवाल, आभाष मिश्रा, विकास सोनी, बीजालाल धुर्वे, रोहित चौहान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
— आगामी लोकसभा चुनाव हमारा फाइनल मुकाबला —
कृष्णा गायकी ने अपने उद्बोधन में कहा कि विगत विधानसभा चुनाव में हमारी ऐतिहासिक जीत ने हमें सेमीफाइनल में जीत दिला दी है, परंतु आगामी लोकसभा चुनाव हमारा फाइनल मुकाबला है जिसको हम बहुत बड़े अंतर से जीतना चाहते हैं, हमारी पार्टी विचारधारा पर काम करती है प्रत्येक कार्यकर्ता की सोच भारत माता को परम वैभव पर ले जाने की रही है। हमारा कार्यकर्ता पंडित दीनदयाल जी के एकात्म मानववाद विचार पर कार्य करता है। इसी को लेकर केंद्र व राज्य सरकार भी सैकड़ों योजनाएं चला रही है।




