Minor dispute took violent formखेत में गाय घुसने पर पशु मालिक पर हमला, मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप
मुलताई थाना अंतर्गत ग्राम मासोद का मामला, जानलेवा हमले की वारदात

मुलताई। मुलताई थाना अंतर्गत ग्राम मासोद में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया जब एक गाय के खेत में घुस जाने पर दो व्यक्तियों ने पशु मालिक पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें अनावेदक रवि ठाकुर गाली गलौज कर रहा है। फरियादी ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक से अनावेदकगणों के खिलाफ दंडात्मक कार्यवाही करने की मांग की है।
फरियादी दुर्गासिंह ठाकुर (20) ने अपनी माँ ज्योति ठाकुर और भाई चैनसिंह के साथ थाना पहुंचकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है। दुर्गासिंह ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। 22 जून की शाम करीब 5:30 बजे उसकी गाय रस्सी तोड़कर भाग गई और अनावेदक के खेत में घुस गई। दुर्गासिंह गाय को वापस लाने गया, लेकिन गाय और आगे दूसरे खेत की ओर चली गई, जिसके बाद वह घर वापस आ गया। इस मामूली घटना को लेकर दुर्गासिंह के घर में घुसकर अनावेदक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दुर्गासिंह ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो लात-घूंसों से हमला कर दिया और कटर से वार किया। फरियादी दुर्गासिंह ठाकुर ने बताया कि इस मारपीट की घटना में मोहित ठाकुर, वीरेंद्र सिंह ठाकुर, गोलू ठाकुर सहित अन्य बदमाश प्रवृत्ति के लोग शामिल थे। घटना में दुर्गासिंह को दाहिनी आंख के ऊपर, कंधे पर और कलाई के पास चोटें आईं, खून बहने लगा। पीठ में भी गंभीर चोटें आईं।
— पीड़ित का मुलताई के सरकारी अस्पताल में चल रहा उपचार–
दुर्गासिंह ने अपने भाई और माँ के साथ मुलताई के सरकारी अस्पताल में इलाज करवाया और फिर थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अनावेदकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 323, 324, 506, 452 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।गाय के खेत में घुसने जैसी मामूली घटना पर हिंसक हमला और जान से मारने की धमकी से ग्राम मासोद में भय का माहौल व्याप्त हो गया है।




