नगर पालिका बैतूल में महिला कर्मचारी ने सहकर्मी पर लगाए गाली-गलौज और धमकी के आरोप
सहायक राजस्व निरीक्षक ने सीएमओ के नाम दिया आवेदन, मानसिक प्रताड़ना का आरोप

बैतूल। पिछले कुछ दिनों से बैतूल नगर पालिका परिषद में कर्मचारियों के बीच आपसी विवाद का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार शिकवा-शिकायत और तनातनी अब कार्यालय की चार दीवारों से बाहर खुलकर सामने आने लगी है।
इसी क्रम में नगर पालिका में कार्यरत सहायक राजस्व निरीक्षक आरती सरियाम ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नाम लिखित आवेदन नगर पालिका में देकर सहायक ग्रेड कर्मचारी के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना, गाली-गलौज और जान से मारने की कथित धमकी देने की शिकायत की है।
आवेदन में आरती सरियाम ने उल्लेख किया है कि विगत 14 फरवरी को सुबह करीब 10 बजे जब वह कार्यालय में अपने कार्य का निर्वहन कर रही थीं, तब कर्मचारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। शिकायत के अनुसार उन्हें गालियां दी गईं तथा जातिगत रूप से अपमानित करते हुए कहा गया कि उनका कुछ नहीं बिगाड़ा जा सकता। आवेदन में यह भी उल्लेख है कि यह व्यवहार कथित रूप से नशे की अवस्था में किया गया और बार-बार उनके काम को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की गई, जिससे वे मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रही हैं।
आरती सरियाम ने आवेदन में कहा है कि इस स्थिति से उनके कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है और वे स्वयं को अत्यंत परेशान और असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने मुख्य नगर पालिका प्रशासन से अनुरोध किया है कि उन्हें संबंधित कर्मचारी से संरक्षण प्रदान किया जाए और मामले में उचित कार्रवाई की जाए। फिलहाल यह मामला शिकायत के स्तर पर है।




