बैतूल बाजार में जवाहर वार्ड स्थित बजरंग मंदिर के पास शाम होते ही बढ़ जाता है नशेड़ियों का जमावड़ा, जन मानस कल्याण संस्थान ने बैतूल बाजार थाने में सौंपा आवेदन

बैतूल बाजार। जवाहर वार्ड स्थित बजरंग मंदिर के पास शाम होते ही शराबियों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगने से क्षेत्र में अराजकता और असुरक्षा का माहौल बनने की शिकायत सामने आई है। जन मानस कल्याण संस्थान ने इस संबंध में बैतूल बाजार थाना प्रभारी को आवेदन देकर नशेड़ियों पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
संस्थान की ओर से दिए गए आवेदन में बताया गया है कि बजरंग मंदिर प्रांगण से लेकर सापना नदी पर बनी नई पुलिया होते हुए बारवी रोड तक शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक शराबियों और नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। इस दौरान क्षेत्र में अराजक स्थिति बनी रहती है, जिससे आम जनमानस स्वयं को असुरक्षित महसूस करता है।
आवेदन में थाना प्रभारी से मामले को संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्या का समाधान कराने का निवेदन किया गया है। संस्थान ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र और मंदिर के आसपास इस तरह नशेड़ियों के जमावड़े से आम लोगों, विशेषकर शाम के समय आने-जाने वाले लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
जन मानस कल्याण संस्थान ने राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में, प्रदेश अध्यक्ष किशोर धोटे, जिला अध्यक्ष राजकुमार महतो, जिला उपाध्यक्ष गौतम यादव आदि के माध्यम से यह आवेदन सौंपा। संस्थान की ओर से स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी दी गईं।




