hunger strike warning: चिचोली में लाड़ली बहना का मुद्दा गर्माया, सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप

लाड़ली बहना योजना शुरू नहीं करने पर भूख हड़ताल की चेतावनी


लाड़ली बहना योजना की अनदेखी से महिलाओं में गुस्सा
बैतूल। चिचोली क्षेत्र की पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी और महिला नेत्री कंचना बारस्कर ने लाड़ली बहना योजना की मांग पूरी नहीं होने पर भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी है। क्षेत्र के सक्रिय नेता राजेश साहू बाबा ने इस आंदोलन को समर्थन दिया है। श्रीमती बारस्कर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा चुनाव के दौरान बीजादेही में आयोजित आम सभा में बहनों के फॉर्म भरने की जिम्मेदारी विधायक गंगाबाई को दी थी और किसानों के लिए समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीदी, 24 घंटे बिजली देने जैसे वादे किए थे, लेकिन इनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ है।
महिला नेत्री ने कहा कि सरकार के कथन और कार्य में बड़ा अंतर है, जिससे आम जनता परेशान हो रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल किया जाएगा।
गौरतलब है कि 24 दिसंबर को 50 महिलाओं ने लाड़ली बहना योजना में नाम जोड़ने की मांग को लेकर आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. रमेश काकोडिया, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष पुष्पा पेंदराम, चिचोली ब्लॉक महिला अध्यक्ष और ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष नेकराम यादव, कंचना बारस्कर और राजेश साहू बाबा के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा था। लाड़ली बहना योजना की अनदेखी से महिलाओं में गुस्सा साफ नजर आ रहा है। ज्ञापन में मांग की गई थी कि जल्द से जल्द योजना चालू की जाए और सभी महिलाओं का नाम जोड़ा जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button