Heavy Rain : बैतूल जिले के सारनी क्षेत्र में नौ इंच से अधिक बारिश, सतपुड़ा जलाशय के 11 गेट खोले

बैतूल भोपाल नेशनल हाईवे पर लगा जाम

Heavy Rain Betul:  बैतूल। मध्यप्रदेश में मानसून खासा मेहरबान हो गया है। बैतूल जिले में शनिवार रात से शुरू हुई तेज वर्षा सुबह सात बजे तक जारी रही। सारनी क्षेत्र में सबसे अधिक 9 इंच बारिश पिछले 24 घंटे में दर्ज की गई है। तेज वर्षा से सतपुड़ा पावर प्लांट के सतपुड़ा जलाशय में जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रबंधन ने रविवार को सुबह सात बजे जलाशय के 14 में से 11 गेट 10 फीट की ऊंचाई तक खोल दिए। इन गेटों से पानी तवा नदी में छोड़ा जा रहा है ताकि जलाशय में जल स्तर को सुरक्षित स्तर पर बनाए रखा जा सके।
सुबह वर्षा थमने के बाद नौ बजे चार गेट बंद कर दिए गए और सात गेट खुले रखकर 49685 क्यूसेक पानी तवा नदी में छोड़ा जा रहा है। बैतूल जिले में  पिछले 24 घंटे में रविवार सुबह आठ बजे तक जिले में कुल 46.8 मिली वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक वर्षा शाहपुर विकासखंड में 156 मिमी दर्ज की गई है।
भू अभिलेख कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बैतूल जिले में शनिवार सुबह आठ बजे से रविवार सुबह आठ बजे तक 46.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। बैतूल विकासखंड में 37.4 मिमी, घोड़ा डोंगरी में 64 मिमी, चिचोली में 32 मिमी, शाहपुर में 156 मिमी, मुलताई में 26 मिमी, प्रभात पट्टन में 19.5, आमला में 47, भैंसदेही में 37,  आठनेर में 14.2 और भीमपुर में 35 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। जिले में इस सीजन में अब तक 341.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इस अवधि में जिले में 411.2 मिमी वर्षा हुई थी।

बैतूल भोपाल हाईवे पर लगा जाम

तेज बारिश के कारण बैतूल भोपाल नेशनल हाईवे पर लाल नदी के पुल पर पानी आने से आवागमन बंद कर दिया गया था। बागदेव के पास नदी के पुल पर पानी आने से करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। पानी उतरने के बाद आवागमन शुरू किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button