Harsh Bhusari distanced himself from NSUI: एनएसयूआई से हर्ष भुसारी ने बनाई दूरी, दिल्ली घेराव में भी नहीं हुए शामिल

राजनीतिक हलकों में खड़े हुए सवाल, संगठन के लिए प्रेरक नेता की कमी बनी चुनौती


बैतूल। एनएसयूआई के प्रदेश सचिव पद से इस्तीफा देने के बाद युवा नेता हर्ष भुसारी ने संगठन से दूरी बना ली है। हाल ही में एनएसयूआई द्वारा दिल्ली में संसद घेराव जैसे महत्वपूर्ण आंदोलन में उनकी अनुपस्थिति ने इस दूरी को और स्पष्ट कर दिया। राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में हमेशा आगे रहने वाले हर्ष भुसारी की गैरमौजूदगी से जिले में संगठन की सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
एनएसयूआई के प्रदेश सचिव के रूप में हर्ष भुसारी की नियुक्ति के दिन ही उन्होंने पद से इस्तीफा देकर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी थी। इस्तीफे के बाद भी वह पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय दिखते रहे, लेकिन हाल के दिनों में उनकी संगठन से बढ़ती दूरी चर्चा का विषय बन गई है। दिल्ली में एनएसयूआई के संसद घेराव जैसे राष्ट्रीय स्तर के बड़े आंदोलन में उनकी अनुपस्थिति संगठन के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है।
कोरोना काल में छात्र हितों के मुद्दे से बने थे लोकप्रिय
2020-21 के कोरोना काल में हर्ष भुसारी ने छात्र हितों के लिए ऑनलाइन और ओपन बुक एग्जाम का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उनके सोशल मीडिया अभियान से प्रदेश भर के 20 हजार से अधिक छात्र जुड़े थे। उन्होंने इंदौर में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में कई प्रदर्शन भी आयोजित किए, जिससे वह एनएसयूआई के वरिष्ठ नेताओं की नजरों में आए।
एनएसयूआई में अपने आठ साल के कार्यकाल के दौरान हर्ष भुसारी ने संगठन में ऊर्जा और जोश भरने का काम किया। उनकी प्रेरक नेतृत्व शैली और सक्रियता ने संगठन को जिला स्तर पर मजबूत बनाया था। हर्ष भुसारी की अनुपस्थिति के कारण संगठन में जोश और उत्साह की कमी महसूस की जा रही है। उनकी दूरियां संगठन के नेताओं के लिए बड़ी चुनौती बन गई हैं कि वे भुसारी जैसे ऊर्जावान और प्रेरक नेता की कमी को कैसे पूरा करेंगे।
हर्ष भुसारी का एनएसयूआई से मोहभंग संगठन और राजनीतिक हलकों में गहराई से चर्चा का विषय बना हुआ है। हर्ष भुसारी के फैसले ने जहां संगठन को ऊर्जा के अभाव की स्थिति में ला खड़ा किया है, वहीं यह देखना दिलचस्प होगा कि संगठन अब इस कमी को कैसे पूरा करता है। संगठन से उनकी दूरी ने एनएसयूआई को आत्ममंथन के लिए विवश कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button