बिना स्वार्थ के वृक्ष को संभालने वाली जड़ हैं दादा-दादी: पूर्व सांसद ज्योति धुर्वे
यूरो किड्स स्कूल में रंगारंग कार्यक्रम और खेलों से भरा रहा ग्रैंडपैरेंट्स डे

बैतूल। अवस्थी कॉलोनी स्थित यूरो किड्स स्कूल में 20 सितंबर को दादा-दादी और नाना-नानी को समर्पित ग्रैंडपैरेंट्स दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास और भावनात्मक वातावरण में मनाया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व सांसद श्रीमती ज्योति धुर्वे रहीं, जबकि विशेष अतिथि के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का आयोजन स्कूल की संचालिका श्रीमती भव्या नायर के मार्गदर्शन में किया गया, जिनके अनुसार इस दिन का उद्देश्य परिवार की नींव कहे जाने वाले दादा-दादी और नाना-नानी को बच्चों के साथ जोड़ना और उनके योगदान को सम्मानित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें पारंपरिक नृत्य, कविता पाठ और अभिनय के माध्यम से बच्चों ने अपने दादा-दादी के प्रति प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त की।
इसके पश्चात विशेष रूप से ग्रैंडपैरेंट्स के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें सभी ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, वहीं प्रतिभाग करने वाले हर वरिष्ठजन को स्कूल की ओर से स्मृति चिह्न भी भेंट किए गए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती ज्योति धुर्वे ने अपने उद्बोधन में कहा कि दादा-दादी और नाना-नानी एक मजबूत जड़ की तरह होते हैं, जो परिवार रूपी विशाल वृक्ष को बिना किसी स्वार्थ के सींचते हैं और मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में जब पारिवारिक मूल्य कमजोर हो रहे हैं, ऐसे आयोजनों की अहमियत और भी बढ़ जाती है।
– बच्चों में संस्कार विकसित करते हैं ऐसे आयोजन
विशेष अतिथि श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में संस्कार, आदर और परिवार के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रैंडपैरेंट्स ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। अंत में स्कूल संचालिका श्रीमती भव्या नायर ने सभी का आभार प्रकट किया और ऐसे आयोजनों को भविष्य में और अधिक भव्य बनाने का संकल्प लिया।





