बैतूल में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने किया पौधरोपण ।
पर्यावरण संरक्षण, संस्कार और युवाओं के भविष्य पर हुई सार्थक चर्चा।

बैतूल। मध्यप्रदेश के महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने वन विद्यालय स्थित फॉरेस्ट रेस्ट हाउस परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी मुकेश खंडेलवाल, रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपेश मेहता एवं बैतूल रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. अरुण जयसिंहपूरे ने भी रुद्राक्ष एवं रक्त चंदन के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वन संरक्षक वन वृत्त बैतूल मधु वी. राज, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, डीएफओ नवीन गर्ग, डीएफओ अरिहंत कोचर, एसडीओ सुंदर निवेदन, एसडीओ ध्रुव श्रीवास्तव एवं एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके पश्चात श्री मुकेश खंडेलवाल , दीपेश मेहता एवं डॉ. अरुण जयसिंहपूरे ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान रेडक्रॉस द्वारा भोपाल में आयोजित समीक्षा बैठक एवं सेवा भारती द्वारा संचालित संस्कार केंद्रों की गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
राज्यपाल श्री पटेल ने गुजरात में अपने द्वारा किए गए सामाजिक एवं सेवा कार्यों के अनुभव साझा किए तथा नई पीढ़ी को मोबाइल का सकारात्मक उपयोग करने और भारतीय संस्कारों एवं सामाजिक मूल्यों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा भी अपने सुझाव रखे गए तथा समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक संवाद हुआ।




