प्रस्फुटन समितियों को दिया क्षमता वर्धन प्रशिक्षण ।  ग्राम विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान।

बैतूल। सेक्टर क्रमांक-01 भैंसदेही में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के अंतर्गत नवांकुर संस्था माँ रेणुका शिक्षा समिति धामनगांव द्वारा ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण 12 मार्च 2026 को आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती प्रिया चौधरी मुख्य मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि ब्लॉक समन्वयक विकास कुमरे ने भी प्रशिक्षण में मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधि महादेव हरफोड़े और परामर्शदाता सोहन सिंह काकोड़िया की उपस्थिति रही। श्रीमती प्रिया चौधरी ने परिषद की मूल संकल्पना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में शिक्षा, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता ही वास्तविक विकास का आधार है। विकास कुमरे ने समितियों को संस्कार केंद्र की स्थापना, स्वैच्छिकता और स्वावलंबन के महत्व के बारे में जानकारी दी और गतिविधियों के पारदर्शी संचालन के लिए दस्तावेजीकरण और रिकॉर्ड संधारण पर विशेष जोर दिया।

जन-प्रतिनिधि महादेव हरफोड़े ने नवांकुर संस्था और प्रस्फुटन समितियों के बीच समन्वय को मजबूत करने तथा फार्मर समिति के माध्यम से कृषि उत्थान से जुड़ी योजनाओं की जानकारी साझा की। वहीं परामर्शदाता सोहन सिंह काकोड़िया ने समितियों के लिए आगामी कार्य योजना तैयार करने और उनके प्रभावी संचालन के तकनीकी पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।

प्रशिक्षण में सेक्टर के अंतर्गत आने वाली विभिन्न ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव, सदस्य और नवांकुर सखियों ने सहभागिता की। सामूहिक चर्चा के दौरान प्रतिभागियों ने गांवों में विकास कार्यों को मजबूत बनाने और सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान और आभार प्रदर्शन के साथ किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button