अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए 75 दिवसीय काउंटडाउन शिविर आयोजित।

पंचायतों और धार्मिक स्थलों पर 1246 लोगों ने लिया लाभ । 24 अप्रैल को 50 दिवसीय काउंटडाउन शिविर फिर लगाया जाएगा।

बैतूल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष विभाग द्वारा 75 दिवसीय काउंटडाउन अभियान के अंतर्गत जिले की पंचायतों एवं धार्मिक स्थलों पर योग शिविरों का आयोजन किया गया। इस अभियान के नोडल अधिकारी डॉक्टर वीरेंद्र सिंह शाक्य तथा सहायक नोडल अधिकारी डॉक्टर मुस्कान भावसार के मार्गदर्शन में आयुष विभाग की समस्त संस्थाओं द्वारा लोगों को योग एवं आयुष पद्धतियों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और योगाभ्यास के साथ आयुष पद्धतियों के लाभों की जानकारी प्राप्त की। आयुष विभाग के सभी चिकित्सा अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों तथा योग सहायकों ने उपस्थित लोगों को नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर योगेश चौकीकर ने बताया कि विभाग द्वारा चलाए गए इस अभियान में कुल 1246 लाभार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि अगला 50 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस काउंटडाउन शिविर 24 अप्रैल को जिले की समस्त आयुष संस्थाओं द्वारा आयोजित किया जाएगा। विभाग ने नागरिकों से शिविर का लाभ लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button