Food poison: विषाक्त भोजन खाने से दो साल के बच्चे सहित छह लोगों की हालत बिगड़ी

Betul News: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मंगलवार रात में विषाक्त भोजन खाने से एक परिवार के छह सदस्य बीमार हो गए। सभी को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ा डोंगरी में भर्ती किया गया। हालत में सुधार ना होने पर सभी को जिला अस्पताल भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी विकास खंड में आने वाले ग्राम चोपना में मर्सकोले परिवार के सदस्यों ने मंगलवार शाम को भोजन किया और उसके कुछ देर बाद ही सभी को चक्कर आने के साथ बेहोशी छाने लगी। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की मदद से सभी को घोड़ा डोंगरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
परिवार की रूक्मणी बाई ने बताया कि मंगलवार शाम को घर में चने की भाजी के साथ पूरा भोजन बनाया गया था। भोजन करने के बाद दो साल के गगन मर्सकोले सहित, रुकमणी मर्सकोले (45), सेमा मर्सकोले (22), मनीषा मर्सकोले ( 27 ), रम्मी मर्सकोले (70), शोभाराम मर्सकोले (50) को चक्कर आने लगे और जी मचलने लगा। उल्टी दस्त की शिकायत होने लगी।
जब परिवार के लोग ऐसे होने लगे मानो उनके द्वारा नशा कर लिया गया हो तब भोजन में कुछ जहरीला पदार्थ होने का संदेह होने पर सभी को तत्काल ही घोड़ा डोंगरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया। परिवार के लोगों को आशंका है कि चने की भाजी ही विषाक्त हो सकती है। प्राथमिक उपचार करने के बाद सभी को जिला अस्पताल लाया गया।




