सोनाघाटी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पांच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ
भगवान विश्वकर्मा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव से भक्तिमय हुआ बैतूल

बैतूल। शहर के सोनाघाटी में भगवान विश्वकर्मा जी के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर श्रद्धा और भक्ति का माहौल बन गया है। श्री विश्वकर्मा लोहार समाज सेवा समिति के आयोजन में शहर और जिलेभर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में सहभागिता कर रहे हैं।
श्री विश्वकर्मा लोहार समाज सेवा समिति द्वारा भगवान विश्वकर्मा जी का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 29 जनवरी से 2 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव के प्रथम चरण में धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना प्रारंभ की गई, जिसमें समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
– सोनाघाटी में हुए धार्मिक अनुष्ठान

भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के साथ श्रद्धालु सोनाघाटी पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ और पूजन पाठ संपन्न हुआ।
जिला मीडिया प्रभारी किशोरी लाल चौरेकर ने बताया कि आयोजन के दौरान विभिन्न धार्मिक संगठनों एवं शहरवासियों ने श्रद्धालुओं का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।
– विद्वानों द्वारा होंगे विशेष अनुष्ठान

लोहार समाज जिलाध्यक्ष शंकर राव चौरेकर एवं उपाध्यक्ष मानिकराव उमरे ने जानकारी दी कि प्रतिमा स्थापना को लेकर बाहर से आए विद्वानों द्वारा पीठ पूजा, प्रतिमा अधिवास, अग्नि स्थापना और अन्नाधिवास जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे।
– 2 फरवरी को पूर्णाहुति और भंडारा
सचिव मनोहर माजरीवार और कोषाध्यक्ष सूरज लाल चौरेकर ने बताया कि महोत्सव के अंतिम दिन 2 फरवरी को हवन-यज्ञ की पूर्णाहुति, महाआरती और भंडारा प्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
युवा संगठन अध्यक्ष राजेश बावने, उपाध्यक्ष अलकेश नागपुरे, सचिव नरेंद्र बंधे एवं कोषाध्यक्ष प्रीतम सिडलीवर ने जिलेभर के स्वजातीय बंधुओं से महोत्सव में शामिल होकर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ लेने की अपील की।





