service on birthday: जन्मदिन पर किया पौधारोपण, 40 विद्यार्थियों को वितरित किये जूते मौजे
सेवाभावी डॉ. प्रितमसिंग कुमरे प्रतिवर्ष अपने जन्मदिन पर करते हैं सेवाकार्य

बैतूल। शासकीय प्राथमिक शाला अचलपुर नाका सदर, बैतूल में मंगलवार 27 अगस्त को सिंग सोनोग्राफी सेंटर, के संचालक डॉ. प्रितमसिंग कुमरे ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर पौधारोपण किया और शाला में अध्ययनरत 40 छात्र-छात्राओं को शूज वितरित किए।
कार्यक्रम में उपस्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भडूस के शिक्षक संजय धुर्वे ने बताया कि डॉ. कुमरे प्रतिवर्ष अपने जन्मदिन पर सामाजिक कार्यों के लिए अपनी आय का कुछ हिस्सा दान करते हैं। कोरोनाकाल में भी उन्होंने करीब तीन लाख रुपये मूल्य के पल्स ऑक्सीमीटर और थर्मल स्कैनर बैतूल जिले में वितरित किए थे।
इसके पूर्व भी डॉ. प्रितमसिंग कुमरे ने विकासखंड आठनेर की प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं के उन छात्रों के लिए 50 हजार रुपये की शिक्षण सामग्री वितरित की थी, जिनके माता-पिता जीवित नहीं हैं या वे किसी विकलांगता से पीड़ित हैं। डॉ. कुमरे का मानना है कि शिक्षा का महत्व समझने और संसाधनों के अभाव के कारण कई छात्र शाला छोड़कर मजदूरी करने के लिए अन्य जिलों में चले जाते हैं। इस समस्या को देखते हुए, डॉ. कुमरे ने स्वयं की आय से इन बच्चों के लिए आवश्यक सामग्री प्रदान की। उन्होंने अन्य शिक्षकों, व्यापारियों, और समाज के बुद्धिजीवियों को भी प्रेरित किया कि वे अपने जन्मदिन या परिवार के सदस्यों के जन्मदिन पर इसी तरह की सामाजिक सेवा करें। इस कार्यक्रम में श्रीमती सोनिया कुमरे ने अपने उद्बोधन में कहा, राष्ट्र हमें सबकुछ देता है, इसलिए हमें भी अपनी आय का कुछ हिस्सा जनहित में दान करना चाहिए। भूपेन्द्र वरकडे, सहायक संचालक शिक्षा विभाग, बैतूल ने भी इस कार्य की प्रशंसा की और कहा कि यह समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है। कार्यक्रम में जन शिक्षा केन्द्र एम एल बी के प्रभारी संकुल प्राचार्य भालचंद पांडे,जन शिक्षक नेमीचंद मालवीय, भीमराव घोटे, संस्था शिक्षक श्रीमती सुमन धुर्वे, रचना करोचे, और सतीश गीद (शा. मा. शा. चिचढ़ाना) उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन और आभार संजय धुर्वे (शा. उ. मा. वि. भडूस) द्वारा किया गया।




