Election 2023 : मुलताई और आमला में गडकरी की सभा कैंसिल, भाजपाई मायूस, जनता को सीएम की सभा के कैंसिल होने की याद आई

Betul News: बैतूल। विधानसभा चुनाव में बीजेपी एकमात्र आमला सीट पर पिछली बार मिली जीत को दोहराने और मुलताई सीट पर मिली हार का बदला लेने के लिए संघर्ष कर रही है।
मतदाताओं को साधने के लिए आमला और मुलताई विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की पांच स्थानों पर सभा तय कर दी गई। सोमवार से मंगलवार सुबह तक तमाम व्यवस्थाओं को जुटाकर मंच , माला और माइक तैयार कर मंत्री के आने का इंतजार किया जाने लगा।

मुलताई विधानसभा सीट के साईंखेड़ा में शुगर मिल मालिक की जमीन पर बनाए गए हेलीपेड पर सांसद, मुलताई सीट के भाजपा प्रत्याशी, आमला विधानसभा सीट के प्रभारी और तमाम नेता पलक पांवड़े बिछाए तपती धूप में खड़े होकर हेलीकाप्टर आने की राह देखते रहे। 11 बजे सभा होना था लेकिन 11.30 बजते बजते यह खबर गुपचुप आई कि मंत्री जी स्वास्थ्य कारणों से नहीं आ रहे हैं।

हताश सांसद, बीजेपी प्रत्याशी जनता को बिना बताए सभा स्थल पर पहुंच गए। सभा में लगाई गई कुर्सियों में से कुछ पर मौजूद गांव की जनता को जैसे तैसे बिठाया गया और उसके बाद भाषण शुरू कर दिए गए। मंच पर बैठे बीजेपी प्रत्याशी के चेहरे पर निराशा के भाव अलग ही कहानी कह रहे थे वहीं आमला विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी भी मन मसोसकर मंच पर बैठे नजर आए। मंच के सामने बैठे आम मतदाता कुछ वर्ष पहले इसी तरह मुख्यमंत्री की सभा के भी कैंसिल होने की घटना को याद करते हुए इसे मिथक साबित करने पर तुले रहे।
मुलताई में भी निराशा:
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की बैतूल जिले के दो विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को आयोजित होने वाली चुनावी सभाएं निरस्त हो गई। वे आज बैतूल के मुलताई और आमला विधानसभा क्षेत्र में पांच जनसभा और रोड शो भी करने वाले थे। मुलताई में सभा के लिए जिस स्तर पर कार्यकर्ताओं ने तैयारी की थी उसके कैंसिल होने से कार्यकर्ताओं में मायूसी है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मां ताप्ती की पूजा भी करने वाले थे जिसे लेकर प्रशासनिक तैयारियां की गईं थी। मुलताई में भी स्थानीय नेताओं ने सभा को संबोधित कर खाना पूर्ति की है।
आमला विधानसभा में भी कार्यकर्ता मायूस:
आमला विधानसभा सीट पर जीत को बरकरार रखने में बीजेपी को कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सहारे मतदाताओं को साधने का प्रयास तो किया गया लेकिन ऐन वक्त पर उनकी सभा कैंसिल हो गई। इससे बीजेपी कार्यकर्ताओं और नेताओं में निराशा का भाव नजर आ रहा है।




