योग से संगठन तक, तीन दिवसीय शिविर के समापन पर महिला पंतजली योग समिति का विस्तार

बैतूल। महिला पंतजली योग समिति बैतूल के तत्वाधान में आयोजित तीन दिवसीय योग शिविर का समापन संगठनात्मक विस्तार और नई जिम्मेदारियों की घोषणा के साथ गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। शिविर के समापन अवसर पर जिले से लेकर संभागीय स्तर तक योग आंदोलन को और अधिक सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिन्हें संगठन के भविष्य के लिए निर्णायक माना जा रहा है।

अब तक महिला पंतजली योग समिति बैतूल की जिला प्रभारी रहीं संगीता अवस्थी को राज्य कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्हें बैतूल, नर्मदापुरम और पांढूंर्णा जिलों का प्रभार दिया गया है, साथ ही 15 जिलों की संवाद प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपे जाने से संगठन में उनकी भूमिका और अधिक विस्तृत हो गई है। इस निर्णय से जिले में योग गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

– नई जिला प्रभारी के रूप में कल्पना उइके की नियुक्ति

संगठनात्मक फेरबदल के तहत महिला पंतजली योग समिति बैतूल की नई जिला प्रभारी के रूप में कल्पना उइके की नियुक्ति की गई। इस अवसर पर संगीता अवस्थी और कल्पना उइके दोनों ने पंतजली योग पीठ की आजीवन सदस्यता ग्रहण की, जिससे उन्हें योग पीठ के आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ चिकित्सा सुविधाओं में अनुदान का लाभ भी प्राप्त होगा।

भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के सभी पांचों संगठनों के भाइयों एवं महिला पंतजली योग समिति की बहनों द्वारा साध्वी देवादिती दीदी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साध्वी देवादिती दीदी ने अपने संबोधन में योगिक कार्य से जुड़ी बहनों को घर-घर, गांव-गांव तक योग पहुंचाने का संकल्प दिलाते हुए संगठन को निरंतर सक्रिय रखने का आह्वान किया। उन्होंने अपने सहज, सरल और आत्मीय वक्तव्य में कहा कि यदि महिलाएं मन से भय को दूर कर दें तो वे भारत की दिव्य संस्कृति को समझते हुए स्वयं को सुरक्षित और सशक्त महसूस कर सकती हैं।

– प्रमाण पत्र वितरित

तीन दिवसीय शिविर में सहयोग करने वाले तीन दिवसीय शिविर की व्यवस्थाओं एवं जिले में योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बहनों को साध्वी देवादीति दीदी, राज्य प्रभारी डॉक्टर पुष्पाजंली एवं जिला योग प्रभारी संगीता अवस्थी के कर कमलों से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन में महिला योगीक संस्था जय हिन्द योग क्लास हमलापुर, कर्मा भवन योग क्लास हमलापुर, नेहरू पार्क योग क्लास और बंगाली माँ दुर्गा मंदिर योग क्लास का विशेष योगदान रहा। आयोजन समिति में प्रीति साहू, कल्पना उइके, संगीता तहकीत और मृणाली दत्ता ने सभी बहनों के साथ मिलकर व्यवस्थाओं को सफल बनाया।

शिविर के दौरान संगठन के अन्य महत्वपूर्ण दायित्व भी सौंपे गए। बैतूल प्रभारी उत्तर संगीता तहकीत, तहसील प्रभारी उत्तर उर्मिला पवार, तहसील प्रभारी दक्षिण रानी नामदेव, तहसील प्रभारी शाहपुर नीलम गुप्ता, तहसील प्रभारी घोड़ा डोंगरी रोशनी आर्य, तहसील प्रभारी भीमपुर भारती मालवी, तहसील प्रभारी चिचोली दर्शना सूर्यवंशी, तहसील प्रभारी मुलताई मृणाली दत्ता, तहसील प्रभारी अमला भागवंती साहू, तहसील प्रभारी आठनेर रामकली साहू एवं तहसील प्रभारी भैंसदेही की नियुक्ति की गई।

– सूक्ष्म योग की बारीकियां बताई

 शिविर के दौरान सूक्ष्म योग की बारीकियों, संगठन और दान के महत्व तथा अग्नि की उपस्थिति में योग से मिलने वाले ऊर्जा लाभों पर भी प्रकाश डाला गया। इसी क्रम में साध्वी देवादिती दीदी ने सुनीता विश्वकर्मा, कल्पना उइके और उर्मिला पवार के निवास पर स्नेहपूर्वक भोजन ग्रहण किया, जिसे महिलाओं ने अपने जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया। संपूर्ण आयोजन एवं सभी संगठनात्मक गतिविधियां राज्य कार्यकारिणी सदस्य संगीता अवस्थी के मार्गदर्शन में सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button