Death From Heart Attack : जब नाचते-नाचते थमने लगी दिल की धड़कन, चंद सेकंड में थम गईं 46 साल के शिक्षक की सांस

Death From Heart Attack :मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में 46 वर्षीय शासकीय स्कूल के शिक्षक कुछ पल पहले बेहद खुशी से अपने साथियों के साथ शादी के पूर्व मेंहदी कार्यक्रम में डांस कर रहे थे। अचानक नाचते नाचते उनके दिन की धड़कन थमने लगी तो वे कुर्सी पर बैठ गए। कुछ ही पल में उनकी सांस थम गई।यह ह्दयविदारक घटना बुधवार रात्रि में बैतूल के जैन दादावाड़ी मैरिज लान में हुई।
बैतूल जिले के ग्राम मंडईखुर्द मिडिल स्कूल में पदस्थ शिक्षक की बुधवार रात्रि में मेंहदी कार्यक्रम में डांस करने के दौरान ह्दयाघात से मौत हो गई।बैतूल के जैन दादावाड़ी में पूर्व डीपीसी के बेटे के विवाह समारोह में मेंहदी का कार्यक्रम बुधवार को आयोजित किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए पहुंचे शिक्षक संदीप ठाकरे उम्र 46 वर्ष ने अपने साथियों के साथ कुछ देर डांस किया और थकान महसूस होने पर वे कुर्सी पर जाकर बैठ गए। अपने चेहरे को हथेलियों से ढंकने के बाद वे लुढ़क गए।
देखें दिल की धड़कन थमने के पहले का वीडियो
सहयोगी तत्काल उन्हें अचेत अवस्था में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जिला अस्पताल में गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजन को सौंपकर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पूर्व डीपीसी संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि मेंहदी समारोह में हमारे साथ संदीप ने डांस किया और कुछ देर बाद हाथों से रुकने का इशारा कर पीछे लगी कुर्सी पर जाकर बैठ गए।इसके बाद लोगों ने उन्हें कुर्सी से लुढ़कते हुए देखा तो तत्काल उन्हें उठाया और अचेत होने पर अस्पताल लेकर पहुंचे। निजी अस्पताल के डाक्टर नूतन राठी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने के पहले ही उनकी मृत्यु हो गई थी। संभावना है कि ह्दयाघात से कुछ ही देर में उनकी जान चली गई।




