Yog Camp:स्टेडियम बना आयुर्वेद चिकित्सालय
योग एवं आरोग्य शिविर का रविवार होगा समापन

बैतूल। शहर के बीचोबीच स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में 13 दिसंबर से 15 दिसंबर तक भारत स्वाभिमान ट्रस्ट एवं पतंजलि समिति के बैनर तले योग-आरोग्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में शनिवार को बैतूल के साथ-साथ आसपास के जिले से आए हुए नागरिकों ने सुबह 6 बजे से 8.30 बजे तक योग का लाभ और उसके बाद आरोग्य शिविर का लाभ प्राप्त किया। 13 एवं 14 दिसंबर को लगभग 1500 रोगियों को आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श तथा लगभग 500 रोगियों को पंचकर्म का लाभ मिला। ओम आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एण्ड हॉस्पीटल भारत-भारती ने आरोग्य शिविर में पंचकर्म की क्रियाओं को संपादित करने के लिए पृथक- पृथक पुरुष एवं महिला केबिन की व्यवस्था कराई है जिसमें महाविद्यालय में पदस्थ आयुर्वेद के विशेषज्ञ चिकित्सको एवं विद्यार्थियों द्वारा रोगियों के रोगानुसार पंचकर्म क्रियाओं को संपादित किया जा रहा है। इस आरोग्य शिविर में सिवनी जिले से पधारे प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य व भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के सिवनी प्रभारी डॉ. गजेंद्र डहरवाल एवं बैतूल जिला के आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर एवं उनका स्टॉप भी अपनी निशुल्क सेवाएं निरंतर प्रदान कर रहा है। शिविर में रोगियों के सुझाव एवं शिकायत की भी व्यवस्था की गई है, जिसमे आगंतुक पूरे शिविर के अनुभव के आधार पर अपने विचार सुझाव के रूप में दे रहे है। शिविर में गृध्रसी,(सायटिका), कटिवात, पक्षाघात, शिराज ग्रंथि (वेरीकोज वेन) अर्श मन्याशूल आदि के रोगियों को उपयुक्त उपचार तथा परामर्श दिया जा रहा हैं।
— 13 साल की बच्ची, 75 साल के बुजुर्ग और 85 साल के वयोवृद्ध ने भी किया योग —
शनिवार की सुबह योग करने पहुंचे लोगों में से एक बच्ची इशिता द्विवेदी को देखकर स्वामी जी ने उसे अपने पास बुलाया और योग के संबंध में सवाल-जवाब करते हुए उन्होंने इशिता से उनके द्वारा प्रतिदिन किये जाने वाले योगासनों के संबंध में पूछा और करके दिखाने को कहा, तो इशिता ने मंच से सभी को सूर्य नमस्कार करके दिखाया। जिसकी वहां उपस्थित सभी लोगों ने सराहना की। वहीं शिविर में आए एक 75 वर्षीय बुजुर्ग रामेश्वर दुबे ने भी मंच पर जाकर स्वामी जी के समक्ष कई योगासन किए। उनके साथ आए 85 साल के वयोवृद्ध घुड़कियाजी देशमुख ने भी मंच के सामने जाकर स्वामी जी के समक्ष योगासन किया। शिविर में आए बडोरा निवासी अशोक सरले ने मंच पर जाकर स्वामी जी को बताया कि उन्हें पेट से संबंधित गंभीर बीमारी अल्सरेटिव कोलाइटिस थी, जिसके कारण उन्हें दिन भर दस्त लगते थे, और इस को लेकर झोलाछाप डॉक्टर से लेकर बड़े-बड़े डॉक्टरों के पास वह गए, समय के साथ-साथ लाखों रुपए भी खर्च किए, परन्तु उन्हें कोई आराम नहीं मिला। वे इस बीमारी से इतने परेशान हो गए थे कि उनके मन में बीमारी के बाद आत्महत्या के विचार आते थे। इसके बाद हर तरफ से हारकर पतंजलि के हरिद्वार के शिविर में सम्मिलित होकर तथा योग की संकल्प शक्ति के द्वारा ही उन्होंने अपनी इस गंभीर बीमारी को ठीक किया। इस अवसर पर नगरपालिका बैतूल अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट व पतंजलि परिवार के बैतूल प्रभारी सुनील कुबड़े, आयोजन समिति के संयोजक सुनील द्विवेदी, बलराम जसूजा, संजय पप्पी शुक्ला, अशोक देशमुख, संजय द्विवेदी, आशीष पचौरी, चंद्रशेखर यादव सहित बड़ी संख्या में योग साधक मौजूद थे।
— शिविर का आज होगा समापन, लेकिन जारी रहेगा योग और आरोग्य शिविर —
इस तीन दिवसीय योग-आरोग्य शिविर में योग के साथ हजारों लोगों ने स्वास्थ्य लाभ भी प्राप्त किया। ओम आयुर्वेदिक महाविद्यालय के डॉ. संदीप पाल ने बताया कि इस आरोग्य शिविर में लोगो की बढ़ती भीड़ और गणमान्य लोगों के सुझाव के आधार पर 15 दिसंबर रविवार के बाद भी अगले कुछ दिनों तक आरोग्य शिविर का निरंतर संचालन ओम आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज जामठी बैतूल के परिसर में किया जाएगा। शिविर आयोजको ने सभी नागरिकों से रविवार 15 दिसंबर को अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर योग लाभ लेने एवं आरोग्य शिविर के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाकर स्वास्थ्य लाभ लेने का आह्वान किया है।




