भोपाल घेराव की तैयारी में जुटे सहकारी कर्मचारी, वेतन बैठक में बनी सहमति

बैतूल के हर विकासखंड से भोपाल पहुंचेगी दो गाड़ियां, 5 मार्च को होगा आंदोलन

बैतूल। मध्यप्रदेश सहकारी कर्मचारी महासंघ की बैतूल इकाई की बैठक रविवार 2 मार्च को एक निजी मैरिज लॉन में आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी विकासखंडों के कर्मचारी और पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य 5 मार्च को भोपाल में होने वाले वेतन विसंगति घेराव और आंदोलन की तैयारी करना था। इसमें निर्णय लिया गया कि प्रत्येक विकासखंड से दो-दो गाड़ियों में कर्मचारी भोपाल के लिए रवाना होंगे।

बैठक में वेतन संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सबसे पहले चांदू सहकारी समिति के कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने की मांग रखी, जिस पर नवनिर्वाचित कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रबंधक हरि पाटनकर से आग्रह किया। उन्होंने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने की मंजूरी दी। इसी तरह रोंढा समिति में भी वेतन वृद्धि की मांग रखी गई, जिसे कमेटी ने प्रबंधक से चर्चा कर स्वीकृत करवाया।

इसके अलावा, विक्रेताओं और कनिष्ठ विक्रेताओं के वेतन संबंधी समस्याओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि सहकारी कर्मचारियों को असामयिक विपत्तियों के दौरान आर्थिक सहायता देने के लिए हर समिति से एक निश्चित राशि जमा कराई जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाएगी और वर्ष में एक बार आम सभा का आयोजन किया जाएगा।

– नवनियुक्त पदाधिकारियों को भेंट किए नियुक्ति पत्र

संघ को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए भी कई प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भेंट किए गए। इस दौरान नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अरुण अडलक ने कहा कि जो भी जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, वे उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। कार्यकारी अध्यक्ष धर्मराज धोटे ने सभी कर्मचारियों से संगठित रहने और सहयोग करने की अपील की। बैठक का संचालन समीर पाठक ने किया।

बैठक में जिलेभर के कर्मचारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। महिला जिला उपाध्यक्ष ललिता इवने ने भी कर्मचारियों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

– प्रत्येक विकासखंड में हो नियमित बैठकें

बैठक में म.प्र. सहकारी कर्मचारी महासंघ के प्रदेश संयोजक लखन यादव ने एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा कि प्रत्येक विकासखंड में नियमित बैठकें होनी चाहिए और पूरे जिले में संगठन का सिर्फ एक बैनर होना चाहिए, ताकि संगठन को मजबूती मिले और भविष्य उज्ज्वल हो सके।

इस अवसर पर भैंसदेही मार्केटिंग, उपभोक्ता भंडार और जिले की अन्य समितियों के कर्मचारी भी मौजूद रहे। बैठक के अंत में कार्यकारी अध्यक्ष धर्मराज धोटे ने आभार व्यक्त किया। आगामी बैठक अगले माह आयोजित की जाएगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठक में मुख्य रूप से रामदयाल आजाद, निक्कू आर्य, भोला सोलंकी, गणेश लाहरपुरे, इशाक पठान, हरि पाटनकर, ज्ञानदेव गावंडे, नितिन गुप्ता, अरुण चौधरी, विवेक प्रजापति, विपिन आर्य, सुरेश कनाठे, अनिल लिल्होरे, नितिन बिसोने, दिलीप राठौर, राजा जैन, सुखराम साहू सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button