भाजपा सरकार किसान, युवा और महिलाओं के मुद्दों से भाग रही है: कांग्रेस।

बर्राढाना अग्निकांड, महिला सुरक्षा और बंद स्कूलों के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा।

बैतूल। जिला कांग्रेस कमेटी बैतूल द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में नव नियुक्त जिला प्रवक्ताओं और सोशल मीडिया प्रभारियों का परिचय कराया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार पर किसान, युवा, महिला और आमजन विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, जबकि कांग्रेस लगातार किसानों, युवाओं, महिलाओं और मजदूरों की आवाज उठाती रहेगी।

जिला कांग्रेस कमेटी ने लवलेश बब्बा राठौर और विजय पारधी को जिला कांग्रेस प्रवक्ता, अतुल शर्मा आईटी सेल जिला अध्यक्ष तथा उमाकांत शर्मा और अनूप जैसवाल को सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करना और जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना है।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें कांग्रेस को किसानों के मुद्दे पर बोलने का अधिकार नहीं होने की बात कही गई थी। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा को कांग्रेस पर आरोप लगाने से पहले वर्ष 2017 के मंदसौर गोलीकांड को याद करना चाहिए, जहां भाजपा सरकार के दौरान छह किसानों की गोली लगने से मौत हुई थी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों के प्रति संवेदनशीलता का दावा करने वाली भाजपा सरकार ने हमेशा किसानों की आवाज दबाने का काम किया है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने किसानों के हित में 70 हजार करोड़ रुपए का कृषि ऋण माफ किया था। वहीं वर्ष 2018 में मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पहली ही कैबिनेट बैठक में किसानों के दो लाख रुपए तक के कर्जमाफी प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन भाजपा ने सरकार गिराकर इस प्रक्रिया को रोक दिया।

– किसान खाद, बीज और उपज के उचित मूल्य के लिए परेशान

कांग्रेस ने वर्तमान कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पुराने वादे याद दिलाते हुए कहा कि भाजपा ने किसानों से कर्जमाफी, आय बढ़ाने और कृषि व्यवस्था सुधारने के वादे किए थे, लेकिन आज किसान खाद, बीज और उपज के उचित मूल्य के लिए परेशान है। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब देशभर में करोड़ों लोग आईपीएल मैच देखते हैं तब सर्वर डाउन नहीं होता, लेकिन किसानों के पंजीयन के समय पोर्टल बंद हो जाता है।

नरवाई जलाने पर किसानों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर कांग्रेस ने कहा कि सरकार पहले इसका वैकल्पिक समाधान उपलब्ध कराए, उसके बाद दंडात्मक कार्रवाई करे। बिना विकल्प दिए किसानों पर कार्रवाई करना अन्यायपूर्ण है।

– महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ रहे अपराध

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने पूछा कि महिलाओं को वास्तविक रूप से 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ कब मिलेगा।

युवाओं और शिक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में हजारों स्कूल बंद कर दिए, जिससे ग्रामीण और गरीब विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हुई है। शिक्षक भर्ती परीक्षा पास कर चुके युवाओं को नियुक्ति नहीं मिलना सरकार की विफलता दर्शाता है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार केवल घोषणाएं कर रही है।

– बर्राढाना अग्निकांड के पीड़ितों को अब तक क्यों नहीं मिली स्थायी सहायता

महंगाई को लेकर कांग्रेस ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने आम जनता, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग की परेशानियां बढ़ा दी हैं। कांग्रेस नेताओं ने बर्राढाना अग्निकांड के पीड़ितों के पुनर्वास का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि प्रभावित परिवारों को अब तक स्थायी सहायता क्यों नहीं मिली। साथ ही हरिभूमि क्षेत्र में वर्ष 2023 में किए गए रोजगार संबंधी वादों पर भी भाजपा सरकार से जवाब मांगा गया। पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button