खण्डारा मंडलम की बैठक में महंगाई और खाद संकट पर कांग्रेस ने की चर्चा
जटाशंकर मंदिर में आयोजित हुई कांग्रेस की बैठक, जनहित के मुद्दों पर हुआ मंथन

बैतूल। कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय डागा के निर्देशानुसार जिला सचिव एवं खण्डारा मंडलम प्रभारी राकेश गंगारे के प्रभार क्षेत्र में मंडलम की बैठक जटाशंकर मंदिर में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनहित समस्याओं के साथ किसानों की खाद संबंधी परेशानी, लगातार बढ़ती महंगाई और भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याओं को लेकर निरंतर संघर्ष करने पर जोर दिया।
बैठक में पूर्व जनपद अध्यक्ष नरेंद्र पटेल, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष जगदीश गोचरे, ब्लॉक अध्यक्ष राजू चौबे, मंडलम अध्यक्ष शंकर तुमडाम, ज्ञानीराम गंगारे, नरेंद्र कापसे और राजाराम पारधे सहित ब्लॉक टीम, मंडलम टीम, पंचायत अध्यक्ष, बीएलए-2 तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान वर्तमान राजनीतिक एवं स्थानीय परिस्थितियों पर विचार-विमर्श करते हुए आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए संगठन स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने पर चर्चा हुई।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की कथित तानाशाही नीतियों, बढ़ती महंगाई और किसानों को खाद की समस्या सहित अन्य स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर भी विचार रखे। पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के बाद श्रावण मास के पावन अवसर पर जटाशंकर मंदिर में राकेश गंगारे की ओर से उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रियता के साथ काम करने का संकल्प लिया।




