Complent news:निजी भूमि पर मकान निर्माण कार्य में बाधा डालने का आरोप
आवेदक ने तहसीलदार एवं टीआई भैंसदेही से की शिकायत

बैतूल। भैंसदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले चिचोलीढाना क्षेत्र में शिक्षक को मकान निर्माण कार्य में दबंग द्वारा बाधा डालने का मामला सामने आया है।इसकी शिकायत पीड़ित शिक्षक ने तहसीलदार एवं थाना प्रभारी भैंसदेही से की है। आवेदक शिक्षक साबू पिता सोनाजी बारस्कर ने आरोप लगाया कि अनावेदक जीवन मालवीय मकान निर्माण के दौरान हर दिन बाधा उत्पन्न कर रहा है। अभद्र व्यवहार करते हुए कोर्ट स्टे लाने की धमकी देता है। शिक्षक का कहना है कि वह अपनी स्वामित्व की भूमि में मकान का निर्माण कार्य कर रहे हैं, इसके बावजूद अनावेदक जीवन मालवीय हर दिन किसी न किसी बहाने से विवाद करता है।आवेदक ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2019 में रजिस्टर्ड विक्रय पत्र के माध्यम से शांति देवी पति बद्री प्रसाद से खसरा नम्बर 261/12 में से 104.55 वर्गमीटर भूमि क्रय कर कब्जा भी प्राप्त किया था। उक्त भूमि पर पुराना कच्चा मकान बना हुआ था जिसे तोडकर नया मकान अपने स्वामित्व एवं आधिपत्य की भूमि पर बनाया जा रहा है। अनावेदक द्वारा अनाधिकृत रूप से प्रतिदिन अपशब्दों का प्रयोग कर मकान निर्माण में बाधा उत्पन्न की जा रही है, जिसके कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अनावेदक मकान निर्माण करने पर धमकियां दे रहा है। आवेदक का कहना है कि भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी अनावेदक की ही होगी।




