complaint in public hearing: कॉलोनाइजर ने बेच दी मंदिर और पार्क के लिए छोड़ी गई भूमि
शारदा नगर कॉलोनीवासियों ने जनसुनवाई में की शिकायत

बैतूल। शारदा नगर गौठाना स्थित कॉलोनी में रहने वाले नागरिकों ने कॉलोनाइजर रवीन्द्र अवस्थी के खिलाफ जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई है। नागरिकों का आरोप है कि अवस्थी ने कॉलोनी के लिए मंदिर और पार्क हेतु छोड़ी गई भूमि को गुपचुप तरीके से बेच दिया, जिसके कारण अब उन स्थानों पर भवन निर्माण हो चुका है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने रवीन्द्र अवस्थी से लगभग 20 साल पहले प्लॉट खरीदे थे। उस समय अवस्थी ने कॉलोनी में सांई मंदिर और बच्चों व बुजुर्गों के लिए पार्क बनाने का वादा किया था और इसके लिए भूमि भी चिन्हित कर दी थी।
वर्तमान में शारदा नगर कॉलोनी के उत्तर-पश्चिम कोने पर शारदा माता मंदिर के बाजू में कॉलोनीवासियों द्वारा शिवजी और हनुमानजी की प्राण प्रतिष्ठा की गई है। मंदिर के सामने लगभग 4000 वर्गफुट जमीन खाली है, जिसे कॉलोनीवासी बच्चों के खेलने और धार्मिक आयोजनों के लिए सुरक्षित रखना चाहते हैं। कॉलोनीवासियों ने जनसुनवाई में प्रशासन से मांग की है कि शारदा नगर कॉलोनी में मंदिर के सामने बची हुई भूमि का विक्रय रोकने की व्यवस्था की जाए। साथ ही, शेष बचे प्लॉटों को प्रशासन के अधीन लेकर वहां विकास कार्य कराए जाएं। ताकि भविष्य में कॉलोनीवासी बच्चों के खेलने और मंदिर परिसर में आयोजनों के लिए इस भूमि का उपयोग कर सकें। शिकायत करने वालों में प्रवीण कुमार जोशी, विजय हुद्दार, कमलेश चौहान, सुनील पंडाग्रे, संतोष कौशिक, सुमन मनोज, लखन कौशल, प्रसाद सोनी, राजकुमार मालवीय, रमेश कुमार उबनारे, कमलेश रमेश, नारायण सिंह नगदे, राजेश भूमरकर, अशोक काले और कमल सोनी शामिल हैं।




