ढाबा परगना ग्राम कुम्हारिया से भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन
सूर्यवंशी ढोलेवार समाज युवा संगठन ने कावड़ियों के पैर पखारकर किया भव्य स्वागत

बैतूल। ढाबा परगना ग्राम कुम्हारिया द्वारा खेड़ी ताप्ती से भोपाली छोटा महादेव तक भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। इस पवित्र यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भोपाली छोटा महादेव तक पैदल यात्रा कर जल चढ़ाया। सूर्यवंशी ढोलेवार समाज युवा संगठन के पदाधिकारियों द्वारा कावड़ियों के पैर पखारकर भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा समाज की समृद्धि विकास के लिए निकाली गई। कावड़ यात्रा का शुभारंभ खेड़ी ताप्ती से हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने गंगाजल से भरी कावड़ें उठाईं और भोपाली छोटा महादेव की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान भक्तों ने भक्ति गीत गाए और पूरे मार्ग में हर-हर महादेव के जयकारे लगाए, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
यात्रा के स्वागत के लिए सूर्यवंशी ढोलेवार समाज युवा संगठन के सदस्यों ने जलपान की व्यवस्था की। युवा संगठन जिला टीम ने कहा कि यह यात्रा अलग धार्मिक महत्व रखती है। संगठन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से युवा पीढ़ी को हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने में मदद मिलती है। भोपाली छोटा महादेव पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने महादेव का अभिषेक किया और आशीर्वाद लिया। कावड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने बताया कि इस यात्रा ने उन्हें आध्यात्मिक शांति और मानसिक सुकून प्रदान किया। यात्रा के सफल आयोजन के लिए ढाबा परगना ग्राम कुम्हारिया के सभी आयोजकों और सहयोगियों का धन्यवाद व्यक्त किया गया। इस भव्य कावड़ यात्रा ने जिले में धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकता का उदाहरण प्रस्तुत किया।




