Career counseling camps: 9 दिन, 11 हजार विद्यार्थी- करियर काउंसलिंग शिविर ने दिखाई उज्जवल भविष्य की राह

72 स्कूलों में करियर काउंसलिंग से बदली हजारों विद्यार्थियों की सोच, मिला हर कोर्स का मार्गदर्शन

बैतूल। जिले में 18 से 28 दिसंबर तक जनकल्याण पर्व के अंतर्गत आयोजित करियर काउंसलिंग शिविर ने 11 हजार से अधिक विद्यार्थियों को करियर की सही दिशा दिखाने का काम किया। यह शिविर स्कूल शिक्षा विभाग मध्य प्रदेश द्वारा जिले के चयनित 72 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित किया गया।

करियर काउंसलिंग शिविर का आयोजन प्रतिदिन एक ब्लॉक के आठ स्कूलों में किया गया। इस शिविर में विद्यार्थियों को करियर के सही चुनाव, पाठ्यक्रमों की जानकारी, प्रवेश परीक्षाओं, और शासकीय छात्रवृत्तियों के बारे में विस्तार से बताया गया। करियर काउंसलिंग का जिम्मा पीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जुवाड़ी के करियर काउंसलर शिखर मायवाड़ ने संभाला, जिन्होंने विद्यार्थियों को करियर से जुड़ी सामान्य जानकारी दी, उनकी विशिष्ट रुचियों के अनुसार पाठ्यक्रमों और संस्थानों की जानकारी भी दी।

शिविर में फैशन डिजाइनिंग, ड्राइंग और पेंटिंग जैसे क्रिएटिव कोर्सेस के साथ-साथ खेलों में भविष्य बनाने के लिए आवश्यक कोर्स और राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों की जानकारी दी गई। मेडिकल और पैरामेडिकल कोर्सेस में प्रवेश लेने और इनसे जुड़ी छात्रवृत्ति योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। शिखर मायवाड़ ने नई शिक्षा नीति के तहत करियर परामर्श को विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण समाधान प्लेटफार्म बताया। उन्होंने कहा कि 12वीं के बाद करियर चयन की समस्या हर विद्यार्थी के जीवन में एक अहम चुनौती होती है, और यह शिविर उन्हें उस दिशा में सही मार्गदर्शन प्रदान करता है।

– विद्यार्थियों के सवालों का किया समाधान

शिविर में विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया। उन्होंने करियर से जुड़ी अपनी दुविधाओं पर खुलकर सवाल पूछे, जिनका करियर काउंसलर ने बड़े ही सरल और प्रभावी ढंग से उत्तर दिया। इससे छात्रों को नए पाठ्यक्रमों में प्रवेश और उनके करियर की राह तय करने में बड़ी मदद मिली। यह शिविर जिले के विद्यार्थियों के लिए एक ऐसा मंच साबित हुआ, जिसने उन्हें भविष्य के लिए सही राह दिखाने में मदद की। करियर काउंसलिंग के जरिए छात्रों ने अपनी रुचियों और क्षमताओं के अनुरूप पाठ्यक्रमों और करियर विकल्पों को समझा।

इनका कहना …….

जानकारी के अभाव में विद्यार्थी अक्सर गलत करियर का चयन करते हैं जो उन्हें भविष्य में रोजगार दिलाने में समस्या उत्पन्न करता है यह करियर काउंसलिंग शिविर विद्यार्थियों के इस समस्या के समाधान में सहायता करेगा

सक्षम बरमाते, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुलताई

कई विद्यार्थी आर्थिक समस्याओं के कारण सभी पाठ्यक्रमों में नहीं कर पाते हैं प्रवेश यह शिविर उन्हें छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित करेगा।

प्रदीप बाखला, प्रभारी प्राचार्य पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जुवाड़ी

कई बार अपने व्यक्तित्व तथा क्षमता के अनुरूप कोर्स का चयन नहीं किया जाता जिस कारण व्यक्ति को उसे करियर ऑप्शन में सफल होने में कठिनाइयां आती है इससे तो करियर काउंसलिंग विद्यार्थियों को बहुत सहायता प्रदान कर सकती है

शिखर मायवाड़, करियर काउंसलर, पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जुवाडी

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button