माचना घाट पर चला स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान।
गंगा दशहरा पर जल संरक्षण का दिया संदेश, जलकुंभी हटाई गई। दामा दैयत घाट पर किया पौधारोपण ।

बैतूल। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशहरा के पावन अवसर पर सोमवार को नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा माचना नदी स्थित दामा दैयत घाट पर विशेष स्वच्छता एवं संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत घाट परिसर में व्यापक साफ-सफाई कराई गई। साथ ही पौधारोपण, जलकुंभी निष्कासन एवं जेसीबी मशीन के माध्यम से घाट क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान नागरिकों से वर्षा जल संचयन अपनाने, जल के अपव्यय को रोकने और नदियों को स्वच्छ बनाए रखने का आह्वान किया गया। उपस्थितजनों को जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडे, जन अभियान परिषद की अध्यक्षा प्रिया चौधरी, वार्ड पार्षद शोभा निरापुरे, सहायक यंत्री नीरज धुर्वे, समस्त पार्षदगण, ग्रीन टाइगर टीम, सभापति, जनप्रतिनिधि, वार्डवासी, नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी तथा शासकीय कन्या गंज स्कूल के अध्यापक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा जल संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार जनजागरूकता एवं स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण हो सके।





