Financial Irregularities : सीसी रोड निर्माण किए बिना कर दिया भुगतान, पूर्व एवं वर्तमान सरपंच, सचिव से वसूल होगी राशि
आठनेर विकासखंड की ग्राम पंचायत वडाली का मामला

Financial Irregularities : बैतूल। आठनेर विकासखंड की ग्राम पंचायत वडाली में सीसी रोड का निर्माण किए बिना ही छह लाख 88 हजार रुपये का भुगतान कर आर्थिक अनियमितता करने का मामला सामने आया था। इसकी जांच कराने के बाद जिला पंचायत सीईओ ने तत्कालीन एवं वर्तमान सरपंच, सचिव से राशि की वसूली करने के आदेश दिए हैं।
ग्राम पंचायत वडाली में सीसी रोड बनाए बिना 6.88 लाख रुपये के भुगतान की शिकायत पर जनपद स्तर से जांच कराई गई थी। जांच में 6.816 लाख रुपये का दुरूपयोग किया जाना पाया गया। जिसके आधार पर म.प्र. पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 के अंतर्गत धारा-89 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
वित्तीय अनियमितता का दोषी पाते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा तत्कालीन सरपंच रेवलीबाई एवं तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव ओझासिंग कुमरे दोनों से समानुपातिक रूप से रू. 2,37,100 रुपये तथा वर्तमान सरपंच मुन्नीलाल मर्सकोले एवं वर्तमान सचिव दिनेष लवाहे दोनों से समानुपातिक रूप से 1,03,725 रुपये कुल 6,81,650 लाख रुपये की वसूली निर्धारित की गई। वसूली की राशि समय सीमा में जमा नहीं करने के फलस्वरूप अधिनियम की धारा 92 के तहत वसूली की कार्यवाही का प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार वसूली की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।




