Camp organized under Jankalyaan Parv: जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े ने किया शिविर का शुभारंभ, बांटे प्रमाण पत्र
माजरी और इटावा में जनकल्याण पर्व के तहत शिविर आयोजित

बैतूल। जनपद पंचायत प्रभातपट्टन अंतर्गत ग्राम पंचायत माजरी और ग्राम पंचायत इटावा में मुख्य मंत्री जनकल्याण अभियान के तहत जन कल्याण पर्व के शिविरों का आयोजन किया गया। जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े ने मां सरस्वती, महात्मा गांधी, और डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्रों पर पुष्प अर्पित कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनपद सदस्य प्रीति उइके, सरपंच बिलशु पंद्राम और समाजसेवी रमेश गव्हाड़े की उपस्थिति रही।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े और जनपद सदस्य प्रीति उइके ने उपस्थित ग्रामीणों को राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, पेंशन योजनाएं, और रोजगार गारंटी योजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से अवगत कराया गया।
प्रमाण पत्र वितरित
शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का तुरंत निराकरण किया जाए। साथ ही, कई हितग्राहियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। सरपंच बिलशु पंद्राम और जनपद सदस्य प्रीति उइके ने ग्रामीणों को प्रमाण पत्र सौंपते हुए उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारी और कर्मचारी रहे उपस्थित
शिविर में जनपद पंचायत के सचिव, रोजगार सहायक, और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में आए आवेदनों पर अधिकारियों ने मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास किया।
शिविर के सफल आयोजन से ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े और अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया, जो उनकी समस्याओं के समाधान और शासन की योजनाओं को साकार करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।




