Cabinet Expansion : बैतूल से नहीं बना कोई मंत्री, पूर्व मंत्री बाेले भाजपा ने फिर ठगा
18 कैबिनेट 6 राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और 4 राज्य मंत्री बनाए गए

MP News : मध्यप्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार आज किया गया है। 18 कैबिनेट 6 राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और 4 राज्य मंत्री बनाए गए। इसमें बैतूल जिले से एक भी विधायक को शामिल नहीं किया गया है। इससे विधायकों के समर्थकों में मायूसी का माहौल बन गया है।बैतूल जिले से हेमंत खंडेलवाल, डा योगेश पंडाग्रे, चंद्रशेखर देशमुख और महेंद्र सिंह चौहान अनुभवी हैं। इसी के आधार पर इनमें से ही मंत्रिमंडल में स्थान मिलने की संभावना बनी हुई थी।
अंतिम समय तक यह उम्मीद थी कि जिले को प्रतिनिधित्व जरूर मिलेगा लेकिन किसी को भी सीएम हाउस से सूचना नहीं मिली जिससे यह संभावना खत्म हो गई। पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे ने मंत्रिमंडल में स्थान न दिए जाने पर भाजपा पर जिले के मतदाताओं को ठगने का आरोप लगाया है।

राजभवन में राज्यपाल ने दोपहर 3.30 बजे नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। सबसे पहले राज्यपाल ने सबसे पहले विजय शाह, कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद सिंह पटेल, राकेश सिंह, करण सिंह वर्मा और राव उदय प्रताप सिंह को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
इसके बाद राज्यपाल ने संपतिया उइके, तुलसीराम सिलावट, एंदल सिंह कंसाना, निर्मला भूरिया, गोविंद सिंह राजपूत और विश्वास सारंग, नागर सिंह चौहान, नारायण सिंह कुशवाह, प्रद्युमन सिंह तोमर, राकेश शुक्ला, चेतन काश्यप और इंदर सिंह परमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। राज्य मंत्री स्वत्रंत प्रभार-कृष्णा गौर, धर्मेंद्र लोधी, दिलीप जायसवाल, गौतम टेटवाल, लखन पटेल और नारायण सिंह पवार ने शपथ ली। नरेश शिवाजी पटेल, प्रतिमा बागड़ी, राधा सिंह और दिलीप अहिरवार को राज्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।
भाजपा ने फिर ठगा बैतूल जिले के मतदाताओं को: पांसे

म.प्र. में भाजपा सरकार बनने के बाद बैतूल जिले के लोगों को मंत्रिमंडल के गठन का इंतजार था। लोग आस लगाये बैठे थे कि इस बार पांचों सीट जीतने के बाद बैतूल जिले से किसी न किसी को मंत्री अवश्य बनाया जाएगा। लेकिन बैतूल जिले के मतदाता मंत्रिमंडल गठन के बाद अपने आपकों ठगा महसूस कर रहे हैं।
उक्ताशय के विचार व्यक्त करते हुए पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे ने कहा कि यदि बैतूल जिले के पांचों विधायकों में से किसी को भी यदि मंत्री मनाया जाता तो उन्हें अत्यंत खुशी होती क्योंकि इससे जिले के विकास को गति मिलती। मैं स्वयं जाकर उन्हें बधाई देता, किन्तु भाजपा के संगठन ने बैतूल जिले के मतदाताओं की घोर उपेक्षा की है जबकि पिछले 34 वर्षो से बैतूल जिले में लगातार बैतूल की जनता लाखों मतों से भाजपा सांसद को जिताती आ रही है। भाजपा के इस रवैये से जहां भाजपा के कार्यकर्ता निराश है वही आम जतना भी जिले की उपेक्षा करने से खुश नही है।




