आदिवासी किसान सैनिक सम्मेलन में रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर का होगा आयोजन

बैतूल। श्री मांझी अंतरराष्ट्रीय समाजवाद आदिवासी किसान सैनिक संस्था और अखिल भारतीय माता दंतेवाड़िन समाज समिति बैतूल के तत्वावधान में 02 फरवरी 2025 को आदिवासी किसान सैनिक सम्मेलन का आयोजन ग्राम सोनारखापा, पोस्ट गोंडी गौला, बैतूलबाजार में किया जाएगा। इस सामाजिक कार्यक्रम में स्वास्थ्य शिविर, ब्लड डोनेशन, आयुष्मान भारत कैंप, टीबी जागरूकता कैंप और स्वास्थ्य प्रदर्शनी जैसे आयोजन शामिल होंगे।
संस्था ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग से सहयोग की अपील की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में यह अनुरोध किया गया कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रचार-प्रसार के लिए मय एंबुलेंस स्वास्थ्य दल, चिकित्सा अधिकारी, सीएचओ, एमपीडब्ल्यू और एएनएम को तैनात किया जाए। कार्यक्रम में आमजन के स्वास्थ्य परीक्षण, इलाज और जागरूकता के उद्देश्य से व्यापक तैयारी की जा रही है। खंड चिकित्सा अधिकारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी आयोजन में सहयोग देने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम के जरिए आदिवासी समुदाय में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जागरूकता फैलाने और जरूरी सेवाएं प्रदान करने का लक्ष्य है। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सम्मेलन आदिवासी समाज के उत्थान के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आदिवासी समाज और मांझी सरकार के सैनिक शामिल होंगे। स्वास्थ्य विभाग ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया है। कार्यक्रम में मांझी सरकार के पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की गई है। ज्ञापन देने वालों में भारत प्रतिनिधि श्रवण कुमार परते, सुनील धुर्वे, जिला कोषाध्यक्ष बैतूल साहबलाल पंद्राम, बैतूल तहसील अध्यक्ष मिलेन उइके सैनिक अशोक कुमार वरकड़े, बलिराम उइके, गोपाल कुमरे शामिल थे।




