गंज मंडी प्रोजेक्ट को गति देने मैदान में उतरे नपा सीएमओ।
विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर किया निरीक्षण। तैयार 44 दुकानों में जल्द शिफ्टिंग कराने राजस्व अमले को सख्त निर्देश। जी और एफ ब्लॉक में निर्माण जारी, जी-2 ब्लॉक के लिए साइट क्लियर कराने की कार्रवाई शुरू।

बैतूल। विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार बुधवार 08 अप्रैल को सुबह 9 बजे मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने निर्माणाधीन गंज मंडी कॉम्पलेक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान पूरे प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ नवनीत पाण्डेय ने बताया कि कॉम्पलेक्स में कुल 320 दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है, जिसमें ग्राउंड फ्लोर पर 142, मेजेनाइन फ्लोर पर 26, फर्स्ट फ्लोर पर 98 और सेकंड फ्लोर पर 54 दुकानें बनाई जानी हैं। प्रोजेक्ट को व्यवस्थित तरीके से चरणबद्ध रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।
– जी और एफ ब्लॉक में काम जारी, नए ब्लॉक की तैयारी
वर्तमान में जी ब्लॉक और एफ ब्लॉक में क्रमशः 66 और 78 दुकानों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही आगे की प्रक्रिया को गति देने के लिए जी-2 ब्लॉक में करीब 32 दुकानों के निर्माण हेतु साइट क्लियर कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
– अतिक्रमण हटाने सख्त निर्देश
सीएमओ नवनीत पाण्डेय ने निर्माण क्षेत्र में आ रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए अतिक्रमण दल को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं मौके पर अतिक्रमणकारियों से चर्चा कर उन्हें स्थल खाली करने के लिए निर्देशित किया, ताकि निर्माण कार्य बिना बाधा के तेजी से पूरा हो सके।
– तैयार दुकानों में एक सप्ताह में शिफ्टिंग के आदेश
इसके अलावा, पूर्ण हो चुकी 44 दुकानों में दुकानदारों को शीघ्र शिफ्ट कराने के लिए राजस्व अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि कॉम्पलेक्स का उपयोग जल्द शुरू हो सके और व्यापारियों को सुविधा मिल सके।





