विश्व का सबसे बड़ा श्रम संगठन है भारतीय मजदूर संघ: महेंद्र सिंह ठाकुर, भारतीय मजदूर संघ ने मनाया 72वां स्थापना दिवस, श्रमिक हितों के लिए संघर्ष का लिया संकल्प

बैतूल। भारतीय मजदूर संघ के 72वें स्थापना दिवस पर गुरुवार को जिला इकाई बैतूल द्वारा बिजली कर्मचारी महासंघ कार्यालय में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में श्रमिक हितों की रक्षा, संगठन की कार्यपद्धति और सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए श्रमिक एकता का संदेश दिया गया।
भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री पंजाबराव गायकवाड़ ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महेंद्र सिंह ठाकुर, जिला अध्यक्ष संपत दरवाई तथा हरिओम कुशवाह सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत श्रम के आराध्य देव भगवान विश्वकर्मा, भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी तथा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ हुई।
मुख्य वक्ता महेंद्र सिंह ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय मजदूर संघ देश ही नहीं, बल्कि विश्व का सबसे बड़ा श्रम संगठन है, जो श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्यरत है। उन्होंने कहा कि संगठन अपनी कार्यपद्धति और सिद्धांतों के अनुरूप श्रमिकों के अधिकारों एवं कल्याण के लिए लगातार संघर्ष करता रहा है।
कार्यक्रम में बिजली कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष चंद्रभान पंडाग्रे,भारतीय मजदूर संघ के कोषाध्यक्ष महेंद्र प्रजापति विजय यादव, बाबूलाल पवार, संतोष शिंदे, मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सचिन राय, संजय ठाकुर, राजू साहू, अंशुल देशपांडे, अंकित सक्सेना, जावेद खान, जगन भुजादे, रूपलाल गोहे, मिरचंद साहू, दिनेश बरदे सहित भारतीय मजदूर संघ के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री पंजाबराव गायकवाड़ ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन बिजली कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष चंद्रभान पंडाग्रे ने व्यक्त किया।




