आनंद उत्सव-2026 फोटो प्रतियोगिता में बैतूल के सक्रिय आनंदक शैलेन्द्र बिहारीया को मिला राज्य स्तरीय पुरस्कार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतर्राष्ट्रीय खुशहाली दिवस पर किया सम्मानित।

बैतूल। मध्यप्रदेश राज्य आनंद संस्थान के आनंद विभाग द्वारा आयोजित आनंद उत्सव-2026 के तहत फोटो प्रतियोगिता में बैतूल जिले के समाजसेवी शिक्षक और आनंद क्लब सिमोरी के अध्यक्ष शैलेन्द्र बिहारीया को राज्य स्तरीय द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें 15 हजार रुपए की राशि और प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया। यह सम्मान अंतर्राष्ट्रीय खुशहाली दिवस के अवसर पर आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित आनंद के आयाम राष्ट्रीय संगोष्ठी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदान किया।
आनंद उत्सव का आयोजन कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन के मार्गदर्शन में 14 से 28 जनवरी तक ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में किया गया था। उत्सव में कबड्डी, खो-खो, बोरा दौड़, पिट्ठू, चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़, गुंडी दौड़, नींबू दौड़ जैसे पारंपरिक खेलों के साथ लोकसंगीत, लोकनृत्य, भजन, कीर्तन, नाटक और नौटंकी जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। सभी आयु वर्ग, महिला-पुरुष और दिव्यांगजनों की सहभागिता सुनिश्चित की गई, जिसमें 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों की भी भागीदारी रही।
कार्यक्रमों के बाद आयोजित फोटो प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के लिए प्रथम पुरस्कार 25 हजार, द्वितीय 15 हजार और तृतीय 10 हजार रुपए निर्धारित था। इस अवसर पर जिला संपर्क व्यक्ति डॉ. महेश गुंजेले, मास्टर ट्रेनर दिलीप गीद, रेखा कापसे सहित आनंद ताप्ती क्लब सिमोरी और मां शारदा सहायता समिति बैतूल के सदस्य पंजाबराव गायकवाड़, प्रीतम सिंह मरकाम, चंचल पांसे, प्रकाश देवड़ा और जलदीप वर्मा उपस्थित रहे।




