Betul news: निर्वाचन ड्यूटी में कार्यरत शिक्षक को उचित उपचार एवं आर्थिक सहायता की मांग

पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन संगठन ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

बैतूल। पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन संगठन ने सोमवार 20 मई को जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें निर्वाचन ड्यूटी में कार्यरत शिक्षक को उचित उपचार एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई। संगठन के जिला अध्यक्ष रवि सरनेकर ने बताया कि राजू हरसूले, जो प्राथमिक शिक्षक हैं और प्राथमिक शाला बारामाचा, विकासखंड भैंसदेही में कार्यरत हैं, को लोकसभा निर्वाचन ड्यूटी के लिए विधानसभा क्षेत्र मुलताई के मतदान केंद्र क्रमांक 254 गरव्हा में मतदान अधिकारी क्रमांक 3 के रूप में नियुक्त किया गया था। 7 मई 2024 को, निर्वाचन ड्यूटी के दौरान लगभग 2 बजे, उनकी कमर से नीचे के दोनों पैर शिथिल हो गए और वे चलने में असमर्थ हो गए।प्राथमिक उपचार के बाद भी शिक्षक को मतदान केंद्र पर ही रात्रि तक रहने दिया गया। सेक्टर अधिकारी ने एंबुलेंस उपलब्ध न होने का हवाला दिया। इसके बाद, शिक्षक के स्थान पर रिजर्व दल से कर्मचारी नियुक्त कर दिया गया, लेकिन शिक्षक को उचित स्वास्थ्य सुविधा नहीं दी गई।

— अस्पताल में भर्ती, पर उपचार में कमी–

शिक्षक को 9 मई 2024 से जिला चिकित्सालय ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो पाया और वे अभी भी चलने में असमर्थ हैं। शासन की ओर से शिक्षक के उपचार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया और न ही आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

— शिक्षक संगठन की मांग–

शिक्षक संगठन ने ज्ञापन में मांग की है कि निर्वाचन ड्यूटी में कार्यरत शिक्षक को तत्काल उचित उपचार एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान रवि सरनेकर के साथ गंगाराम घोड़ले, विजय कोरी, रवि अतुलकर, श्रीराम पाटणकर, गोपाल बिहारे, राजू बिसद्रे, श्रीमती संगीता हरसूले आदि उपस्थित थे।शिक्षक संगठन ने जिला निर्वाचन अधिकारी से अपील की है कि इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि शिक्षक राजू हरसूले को समय पर उचित चिकित्सा और आर्थिक सहायता मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button